Amaravati Smart City Model: मध्य प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने और निवेश के नए रास्ते खोलने की तैयारी तेज हो गई है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती पहुंचकर वहां के स्मार्ट शहरी विकास मॉडल का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने आधुनिक बुनियादी ढांचे, डिजिटल तकनीक और पर्यावरण अनुकूल शहरीकरण की योजनाओं को समझा. वहीं, विजयवाड़ा में उद्योगपतियों और निवेशकों से मुलाकात कर उन्हें मध्य प्रदेश में निवेश करने और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (GIS) 2027 में शामिल होने का न्योता दिया.
यह भी पढ़ें- कोलकाता भगदड़: बारिश से बचने की होड़ में मची चीख-पुकार, 12 हिरासत में, 19 मौतों के बाद अब लापरवाही की जांच तेज
डिजिटल तकनीक से कैसे बदल रही अमरावती की तस्वीर?
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को अमरावती स्थित आंध्र प्रदेश कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (APCRDA) के मुख्यालय का दौरा किया. यहां अधिकारियों ने उन्हें अमरावती के मास्टर प्लान, बुनियादी सुविधाओं और शहर के भविष्य के विस्तार की योजनाओं की जानकारी दी.
अमरावती इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में अधिकारियों ने डिजिटल ट्विन प्लेटफॉर्म के जरिए प्रस्तावित शहरी विकास की तस्वीर पेश की. इस तकनीक की मदद से शहर की योजना, बुनियादी ढांचे और विकास परियोजनाओं को डिजिटल मॉडल के माध्यम से समझाया गया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमरावती की स्मार्ट, डिजिटल और पर्यावरण अनुकूल एकीकृत टाउनशिप परियोजना के विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली गई. इस दौरान नियोजित शहरीकरण, आधुनिक बुनियादी सुविधाओं और विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई.
मध्य प्रदेश में निवेश बढ़ाने की तैयारी, उद्योगपतियों से की मुलाकात
अमरावती के विकास मॉडल को समझने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विजयवाड़ा में प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ व्यक्तिगत बैठकें कीं. इन बैठकों में मध्य प्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों, उद्योगों के अनुकूल माहौल और राज्य सरकार की निवेश प्रोत्साहन नीतियों की जानकारी दी गई.
मुख्यमंत्री ने निवेशकों को मध्य प्रदेश में उद्योग स्थापित करने और GIS 2027 में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया. राज्य सरकार का लक्ष्य औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना, नए निवेश आकर्षित करना और विकास की संभावनाओं को विस्तार देना है.
GIS 2027 से क्या हैं मध्य प्रदेश को उम्मीदें?
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 को लेकर मध्य प्रदेश सरकार निवेशकों तक पहुंच बनाने में जुटी है. दूसरे राज्यों के उद्योगपतियों से संपर्क कर सरकार राज्य में उपलब्ध कारोबारी अवसरों और औद्योगिक नीतियों को सामने रख रही है.मुख्यमंत्री के आंध्र प्रदेश दौरे के दो प्रमुख पहलू रहे, अमरावती के आधुनिक शहरी विकास मॉडल को समझना और मध्य प्रदेश के लिए निवेश की संभावनाएं तलाशना. अब देखना होगा कि इन बैठकों और निवेश के निमंत्रणों से मध्य प्रदेश में कितनी नई औद्योगिक परियोजनाओं का रास्ता खुलता है और आने वाले समय में रोजगार तथा आर्थिक गतिविधियों को कितना बढ़ावा मिलता है.
यह भी पढ़ें- Ajay Devgn के जुहू वाले बंगले पर चला BMC का बुलडोजर! नोटिस के बाद भी नहीं रुका काम, जानें क्या है पूरा मामला


