Mirzapur Railway News: रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है. भारतीय रेलवे 26 अक्टूबर को सांतरागाछी-खातीपुरा और टाटानगर-खातीपुरा रूट पर दो नई एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत करने जा रहा है. दोनों ट्रेनों का ठहराव मीरजापुर स्टेशन पर भी होगा. वहीं, तीसरी रेल लाइन से जुड़े कार्य के चलते जिगना स्टेशन पर तीन ट्रेनों का ठहराव नौ दिनों तक अस्थायी रूप से बंद रहेगा.
मीरजापुर स्टेशन पर रुकेंगी दोनों नई एक्सप्रेस ट्रेनें
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि सांतरागाछी-खातीपुरा और टाटानगर-खातीपुरा एक्सप्रेस ट्रेनों का शुभारंभ 26 अक्टूबर को किया जाएगा.
सांतरागाछी-खातीपुरा-सांतरागाछी एक्सप्रेस (08061) को उद्घाटन विशेष ट्रेन के रूप में सांतरागाछी से रवाना किया जाएगा. इसी दिन टाटानगर-खातीपुरा विशेष एक्सप्रेस (08181) की शुरुआत टाटानगर से होगी.
दोनों ट्रेनों का मीरजापुर स्टेशन पर ठहराव निर्धारित किया गया है. इससे पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के बीच रेल संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है. यात्रियों के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों को भी लाभ मिल सकता है.
जिगना स्टेशन पर 9 दिन नहीं रुकेंगी 3 ट्रेनें
दूसरी ओर, प्रयागराज-पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन रेलखंड पर जिगना और गैपुरा स्टेशनों के बीच तीसरी रेल लाइन से संबंधित यार्ड रीमॉडलिंग का काम किया जा रहा है. इसके चलते जिगना स्टेशन पर तीन ट्रेनों का ठहराव अस्थायी रूप से बंद रहेगा.
उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ डॉ. शिवम शर्मा के अनुसार, यह बदलाव 28 अक्टूबर से 5 नवंबर तक प्रभावी रहेगा.
इन ट्रेनों के यात्रियों को करना होगा ध्यान
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन-सूबेदारगंज मेमू (64595): 28 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जिगना स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा.
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन-सूबेदारगंज मेमू (63237): निर्धारित अवधि में जिगना स्टेशन पर ठहराव अस्थायी रूप से बंद रहेगा.
चुनार-प्रयागराज एक्सप्रेस (13309): इस ट्रेन का भी जिगना स्टेशन पर ठहराव अस्थायी रूप से स्थगित रहेगा.
यात्रा से पहले रेलवे की जानकारी जरूर जांचें
मीरजापुर और जिगना स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह है कि सफर से पहले अपनी ट्रेन के ठहराव और समय-सारिणी की जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से जांच लें. इससे स्टेशन पर होने वाली असुविधा से बचा जा सकता है.
यह भी पढ़ें- गया में 1,670 एकड़ में बनेगा औद्योगिक क्लस्टर, 16,524 करोड़ के निवेश और 1.09 लाख रोजगार की उम्मीद


