Amethi Industrial Corridor: अमेठी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने की तैयारी है. ऊंचगांव और सेवरा गांव के पास, एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन संख्या 58 के निकट करीब 250 हेक्टेयर भूमि पर औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जाएगा. परियोजना के पहले चरण में 148 हेक्टेयर भूमि के क्रय और अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि शेष 102 हेक्टेयर भूमि के लिए तैयारी की जा रही है.
डीएम ने किया स्थल का निरीक्षण
औद्योगिक कॉरिडोर की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी शशांक चौधरी और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया. जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत भूमि संबंधी कार्यों को आगे बढ़ाने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए.
148 हेक्टेयर भूमि का काम पूरा, अब दूसरे चरण की तैयारी
जिलाधिकारी के मुताबिक, परियोजना के पहले चरण में 148 हेक्टेयर भूमि के क्रय एवं अधिग्रहण की कार्रवाई पूरी हो चुकी है. अब दूसरे चरण में बाकी 102 हेक्टेयर भूमि के क्रय की तैयारी की जा रही है. पूरी परियोजना लगभग 250 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित करने की योजना है.
स्थानीय युवाओं के लिए बढ़ सकती हैं रोजगार की संभावनाएं
औद्योगिक कॉरिडोर बनने से क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं. साथ ही व्यापार, परिवहन, लॉजिस्टिक्स और उद्योगों से जुड़ी अन्य गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है.
यह भी पढ़ें- Mirzapur News: मीरजापुर को मिलेंगी 2 नई एक्सप्रेस ट्रेनें, 26 अक्टूबर से शुरुआत, जिगना स्टेशन पर 3 ट्रेनों का ठहराव बंद
एक्सप्रेसवे के पास होने से निवेश को मिल सकता है बढ़ावा
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के नजदीक कॉरिडोर विकसित होने से माल की आवाजाही और औद्योगिक परिवहन में सुविधा मिलने की उम्मीद है. बेहतर कनेक्टिविटी से निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार हो सकता है, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है.
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी मुसाफिरखाना नीतेश राज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.


