Vijay-Rashmika News: अभिनेता विजय देवेरकोंडा और उनकी पत्नी रश्मिका मंदाना इन दिनों अपने रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग के बीच चर्चा में हैं. ‘कॉफी विद करण’ में दोनों के रिश्ते से जुड़े खुलासों के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया. अब विजय ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर ट्रोलर्स को जवाब दिया है. उन्होंने रश्मिका को अपना सबसे अच्छा दोस्त और जिंदगी का खूबसूरत हिस्सा बताते हुए कहा कि दोनों साथ में बेहद खुश हैं.
मैं और वो दुनिया के खिलाफ भी हों, तो कोई बात नहीं
विजय देवेरकोंडा ने रश्मिका के साथ कुछ खूबसूरत तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि उनकी पत्नी उनकी सबसे अच्छी दोस्त हैं और वह अपनी जिंदगी के इस रिश्ते को लेकर खुशकिस्मत महसूस करते हैं. उन्होंने कहा कि दोनों अपनी शादीशुदा जिंदगी में बेहद खुश हैं. विजय ने ट्रोलर्स को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि अगर दुनिया उनके खिलाफ भी हो, तो उन्हें इसकी परवाह नहीं है. उन्होंने उन लोगों के प्रति प्यार जताया जो उनके रिश्ते और खुशियों का सम्मान करते हैं. वहीं, दूसरों को लेकर उन्होंने बेहद तीखी भाषा का इस्तेमाल किया.
100 बार प्रपोज करने वाली बात पर शुरू हुआ विवाद
‘कॉफी विद करण’ के हालिया एपिसोड के बाद विजय और रश्मिका के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं. एपिसोड की कुछ क्लिप्स वायरल हुईं, जिनमें विजय ने बताया था कि शादी के लिए राजी होने से पहले रश्मिका ने उन्हें कई बार प्रपोज किया था. इस खुलासे के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने विजय के व्यवहार पर सवाल उठाए और उन्हें ‘रेड फ्लैग’ तक कह दिया. इसके बाद दोनों कलाकारों को ऑनलाइन ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा.
रश्मिका ने भी ट्रोलर्स को दिया था जवाब
विजय से पहले रश्मिका मंदाना ने भी सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट साझा कर विवाद पर अपनी बात रखी थी. उन्होंने कहा कि उनके इंटरव्यू को लेकर लोगों की प्रतिक्रियाएं महज राय देने तक सीमित नहीं रह गईं, बल्कि ऐसा लगने लगा जैसे लोग गुस्सा निकालने के लिए किसी को निशाना बना रहे हों. रश्मिका ने स्पष्ट किया कि उनके रिश्ते में असली मुद्दा प्रपोज करने की संख्या या समय नहीं था. उनके मुताबिक, विजय चाहते थे कि दोनों एक-दूसरे को समझने और जिंदगी की व्यावहारिक जिम्मेदारियों पर विचार करने के लिए पर्याप्त समय लें. उन्होंने कहा कि वह दिल से सोचती हैं, जबकि विजय हर बात पर व्यावहारिक नजरिया रखते हैं और यही अंतर उनके रिश्ते को संतुलित बनाता है.
‘मैं अपने पति के प्यार में डूबी हुई हूं’
रश्मिका ने अपने नोट में यह भी कहा कि अपने जीवनसाथी से बेइंतहा प्यार करना कोई बुरी बात नहीं है. उन्होंने खुलकर स्वीकार किया कि वह विजय के प्यार में डूबी हुई हैं और अगर उन्हें अपने पति से दोबारा शादी करने का मौका मिले, तो वह ऐसा बार-बार करना चाहेंगी. उन्होंने शादी को सिर्फ प्रपोजल या अंगूठी पहनाने की रस्म नहीं, बल्कि साथ मिलकर जिंदगी और भविष्य बनाने का फैसला बताया.
परिवार पर टिप्पणी बर्दाश्त नहीं करेंगी रश्मिका
रश्मिका ने ट्रोलर्स से अपने परिवार के बारे में बिना जानकारी के टिप्पणी नहीं करने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी की पसंद और अपने जीवन के फैसले लेने की आजादी का सम्मान किया जाना चाहिए. उनके मुताबिक, नारीवाद का मतलब किसी दूसरे को नीचा दिखाना नहीं, बल्कि अपने जीवन के फैसले खुद लेने का अधिकार है. अभिनेत्री ने यह भी बताया कि मुश्किल समय में विजय हमेशा उनके साथ खड़े रहे हैं. उन्होंने कहा कि इंटरनेट पर फैलाई जा रही कहानियों और भ्रामक बातों के बजाय लोगों को उनके अपने अनुभव और उनके रिश्ते की सच्चाई पर भरोसा करना चाहिए.
यह भी पढ़ें- Beparwah: अहान पांडे और शरवरी की जोड़ी मचाएगी धमाल, यशराज फिल्म्स ने किया नई फिल्म के टाइटल का ऐलान
26 फरवरी 2026 को उदयपुर में हुई थी शादी
विजय देवेरकोंडा और रश्मिका मंदाना ने 26 फरवरी 2026 को उदयपुर में शादी की थी. दोनों की जोड़ी को लेकर उनके प्रशंसकों में लंबे समय से उत्सुकता रही है. अब ट्रोलिंग के बीच दोनों के बयानों ने एक बार फिर उनके रिश्ते को चर्चा में ला दिया है. दोनों ने अपने संदेशों में साफ किया है कि वे अपनी शादीशुदा जिंदगी से खुश हैं और अपने रिश्ते को लेकर बाहरी टिप्पणियों को अपने फैसलों पर हावी नहीं होने देना चाहते.
यह भी पढ़ें- गया में 1,670 एकड़ में बनेगा औद्योगिक क्लस्टर, 16,524 करोड़ के निवेश और 1.09 लाख रोजगार की उम्मीद


