MP DA Hike 2026: मध्य प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 2 फीसदी की बढ़ोतरी का ऐलान किया है. बढ़ा हुआ DA जनवरी 2026 से लागू होगा. इसके साथ ही जनवरी से सितंबर तक के 9 महीने का एरियर भी कर्मचारियों को मिलेगा. सरकार के इस फैसले से लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत मिलने की उम्मीद है.
जनवरी से मिलेगा बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अपने कर्मचारियों और अधिकारियों के DA में 2 फीसदी की बढ़ोतरी करने जा रही है. यह बढ़ोतरी जनवरी 2026 से प्रभावी होगी.
इस फैसले के बाद कर्मचारियों को जनवरी से सितंबर तक के 9 महीने का एरियर दिया जाएगा. खास बात यह है कि एरियर का भुगतान एक साथ नहीं, बल्कि तीन बराबर मासिक किस्तों में किया जाएगा.
नवंबर में मिलने वाली सैलरी में बढ़कर आएगा DA
सरकार के मुताबिक, बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता अक्टूबर महीने की सैलरी के साथ नकद दिया जाएगा. अक्टूबर की सैलरी कर्मचारियों को नवंबर में मिलेगी. यानी नवंबर में मिलने वाले वेतन में बढ़े हुए DA का लाभ दिखाई देगा.
- DA में बढ़ोतरी: 2 प्रतिशत
- लागू होने की तारीख: जनवरी 2026
- एरियर की अवधि: जनवरी से सितंबर 2026
- एरियर भुगतान: तीन बराबर मासिक किस्तों में
- बढ़ा हुआ DA: अक्टूबर की सैलरी के साथ
- सैलरी मिलने का समय: नवंबर 2026
पेंशनर्स को भी मिली राहत, DR में 2% की बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री ने सरकारी कर्मचारियों के साथ पेंशनर्स के लिए भी राहत का ऐलान किया है. राज्य के पेंशनर्स के महंगाई राहत (DR) में भी 2 फीसदी की बढ़ोतरी की जाएगी. यह बढ़ोतरी जुलाई 2026 से प्रभावी होगी.
सीएम मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार हमेशा अपने अधिकारियों, कर्मचारियों और पेंशनर्स के हितों का ध्यान रखती है. सरकार उनके हितों के लिए लगातार खड़ी रही है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली वालों को अभी करना होगा इंतजार! दो बड़े मेट्रो कॉरिडोर का काम अगले साल होगा पूरा
कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए क्या बदलेगा?
DA में बढ़ोतरी से सरकारी कर्मचारियों के मासिक वेतन में महंगाई भत्ते का हिस्सा बढ़ेगा. वहीं पेंशनर्स को DR में बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा. इसके अलावा कर्मचारियों को पिछले नौ महीनों का बकाया भी तीन किस्तों में प्राप्त होगा.
यह भी पढ़ें- यूपी को मिली पहली स्लीपर वंदेभारत की सौगात! वाराणसी से दिल्ली तक रातभर में सफर, जानिए रूट, स्टॉपेज और टाइमिंग


