Mathura-Vrindavan News: भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा-वृंदावन में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है. शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए करीब 90 करोड़ रुपये की लागत से तीन सड़कों का निर्माण कराया जाएगा. बुधवार को मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया. इन सड़कों के बनने से स्थानीय लोगों के साथ ब्रज धाम में दर्शन के लिए पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं को भी राहत मिलने की उम्मीद है.
90 करोड़ से बदलेगी सड़कों की सूरत
मथुरा-वृंदावन में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं. खासकर त्योहारों, धार्मिक आयोजनों और वीकेंड पर सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है. ऐसे में तीन नई सड़कों का निर्माण शहर की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने कहा कि इन सड़कों का निर्माण आधुनिक सुविधाओं और शहर की जरूरतों को ध्यान में रखकर कराया जाएगा. इससे यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और लोगों के आवागमन को सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी.
श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को मिलेगी राहत
मथुरा-वृंदावन देश ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है. यहां श्रीकृष्ण जन्मभूमि, बांके बिहारी मंदिर और अन्य धार्मिक स्थलों पर दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं.
ऐसे में सड़क सुविधाओं का विस्तार होने से स्थानीय निवासियों के साथ पर्यटकों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है. नगर निगम का कहना है कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं.
कार्यक्रम में महापौर की गैरमौजूदगी बनी चर्चा
तीनों सड़कों के निर्माण कार्य के शुभारंभ कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षदों समेत कई लोग मौजूद रहे. हालांकि, महापौर विनोद अग्रवाल की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही. इस बारे में सवाल पूछे जाने पर नगर आयुक्त ने आपसी समन्वय के साथ विकास कार्य कराने की बात कही.
यह भी पढ़ें- गुजरात को 407 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे पीएम मोदी, डेयरी से लेकर फ्रेंच फ्राइज प्लांट तक का होगा उद्घाटन
अभी सामने नहीं आए सड़कों के नाम और पूरा रूट
करीब 90 करोड़ रुपये की इस परियोजना को मथुरा-वृंदावन की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. हालांकि, अभी तीनों सड़कों के नाम, उनके पूरे रूट और निर्माण कार्य पूरा होने की समयसीमा की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.
यह भी पढ़ें- Ganga Expressway: बिजनौर में 10 दिन में शुरू होंगे जमीन के बैनामे, 109 गांवों में तैयारी तेज


