Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन के वार्षिक दिवाली बाजार 2026 का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने दृष्टिबाधित बच्चों और लोगों के सम्मान, आत्मनिर्भरता और समान अवसरों पर जोर दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ऐसा माहौल तैयार करने के लिए लगातार काम कर रही है, जहां दिव्यांगजनों को हर जरूरी सुविधा आसानी से मिल सके और वे सम्मान के साथ जीवन जी सकें.
करीब 80 साल से दिव्यांगों के लिए काम कर रही संस्था
नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ब्लाइंड रिलीफ एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि यह संस्था करीब आठ दशकों से दृष्टिबाधित बच्चों और लोगों के कल्याण एवं सशक्तीकरण के लिए काम कर रही है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है कि दृष्टिबाधित लोगों के लिए ऐसा वातावरण बनाया जाए, जहां सभी आवश्यक सुविधाएं सुलभ हों. उन्होंने भरोसा दिलाया कि दिल्ली सरकार सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को पूरी तरह सुलभ बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है.
छठ पूजा की तैयारियों को लेकर भी CM सख्त
दिवाली बाजार के उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 28 अक्टूबर को छठ पूजा की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी. इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और पूजा के सुचारु आयोजन को लेकर जरूरी निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि छठ पूजा के इंतजामों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. उन्होंने अधिकारियों से केवल प्रगति रिपोर्ट पर निर्भर रहने के बजाय खुद हर घाट का निरीक्षण करने को कहा.
पिछले साल से ज्यादा बनेंगे छठ घाट
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस साल पिछले वर्ष की तुलना में अधिक छठ घाट विकसित किए जाएंगे. साथ ही छठ पूजा के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश भी रहेगा.
उन्होंने कहा कि छठ पर्व लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार है. ऐसे में व्रत रखने वाले लोगों और उनके परिवारों को पूजा के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है.
दो दिन पहले पूरे करने होंगे सभी इंतजाम
सीएम रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा से कम से कम दो दिन पहले सभी प्रमुख व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि आखिरी समय में श्रद्धालुओं को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े.
बैठक में कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा, छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधि, विधायक अभय वर्मा, चंदन कुमार चौधरी और संदीप सेहवात समेत राजस्व विभाग, दिल्ली पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, दिल्ली जल बोर्ड, एमसीडी, एनडीएमसी, पीडब्ल्यूडी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें- दिल्ली वालों को अभी करना होगा इंतजार! दो बड़े मेट्रो कॉरिडोर का काम अगले साल होगा पूरा


