Uttarakhand Helicopter Crash News: उत्तराखंड में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. बदरीनाथ धाम से देहरादून के लिए उड़ान भरने वाला एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया. हादसे में पायलट समेत हेलिकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई. उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन ने फोन पर ANI को इसकी पुष्टि की है.
हेलिकॉप्टर शुक्रवार, 30 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:12 बजे बदरीनाथ के सिविल हेलीपैड से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए रवाना हुआ था. उड़ान भरने के करीब दो मिनट बाद यानी 1:14 बजे जोशीमठ के पास हेलिकॉप्टर का रडार से संपर्क टूट गया. इसके बाद विमान के लापता होने की सूचना मिली.
पांडुकेश्वर के पास घाटी की ओर जाता दिखा हेलिकॉप्टर
चमोली के पुलिस अधीक्षक (SP) सुरजीत सिंह पंवार के मुताबिक, पास की आर्मी पोस्ट पर तैनात जवानों ने हेलिकॉप्टर को पांडुकेश्वर के पास भंडाकंड मंदिर से करीब एक किलोमीटर ऊपर घाटी की ओर जाते हुए देखा था. सूचना मिलते ही तलाशी और बचाव अभियान शुरू किया गया.
पुलिस, SDRF और सेना ने चलाया सर्च ऑपरेशन
हेलिकॉप्टर की तलाश के लिए पांडुकेश्वर और जोशीमठ की ओर से दो टीमें रवाना की गई थीं. इनमें पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और सेना के जवान शामिल थे. इसके अलावा गोपेश्वर से ड्रोन भी तलाशी अभियान में लगाया गया था. बाद में हेलिकॉप्टर के क्रैश होने और उसमें सवार सभी छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई.
पायलट दिल्ली का, पांचों यात्री कर्नाटक के रहने वाले
पुलिस के अनुसार, हेलिकॉप्टर Trans Bharat Aviation का था. इसमें पायलट हिमांशु सभरवाल सवार थे, जो दिल्ली के रहने वाले थे. उनके साथ कर्नाटक के पांच यात्री भी यात्रा कर रहे थे. हादसे में किसी की जान नहीं बच सकी.
यह भी पढ़ें- CM रेखा गुप्ता ने दिवाली बाजार का किया उद्घाटन, दिव्यांगों के लिए कही बड़ी बात, छठ पूजा को लेकर भी दिए सख्त निर्देश
फिलहाल हादसे की परिस्थितियों और हेलिकॉप्टर के क्रैश होने की वजह को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है. इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है.


