Eetha Trailer Out: बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की आगामी फिल्म ‘ईठा’ (Eetha) का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज हो गया है. फिल्म में श्रद्धा कपूर लावणी की दिग्गज कलाकार ईठा बाई के किरदार में नजर आएंगी. यह एक म्यूजिकल ड्रामा है, जो एक ऐसी महिला की असाधारण जिंदगी को पर्दे पर उतारेगा, जिसने तमाम सामाजिक बंदिशों और मुश्किलों को चुनौती देकर अपनी अलग पहचान बनाई.
मैडॉक फिल्म्स ने फिल्म का ट्रेलर जारी किया है. इसमें महाराष्ट्र की पारंपरिक लावणी कला की रंगीन दुनिया, संगीत, नृत्य और संघर्ष की झलक देखने को मिलती है. ट्रेलर में ईठा बाई के सफर को दिखाया गया है, जहां महत्वाकांक्षा और मुश्किलों के बीच एक कलाकार अपनी प्रतिभा और हौसले के दम पर इतिहास रचती है.
लावणी की दुनिया में दिखेगा श्रद्धा कपूर का अलग अंदाज
फिल्म में श्रद्धा कपूर ईठा बाई की भूमिका निभा रही हैं. अभिनेत्री के मुताबिक, यह कहानी एक ऐसी महिला की है, जिसकी कला, साहस और अपनी अलग पहचान बनाने की जिद उसे यादगार बनाती है. श्रद्धा ने कहा कि जब निर्देशक लक्ष्मण उतेकर ने उन्हें इस किरदार के बारे में बताया, तो वह इसकी दुनिया से जुड़ाव महसूस करने लगीं. इस भूमिका को निभाना उनके लिए बेहद रोमांचक अनुभव रहा है.
दिनेश विजान बोले- यह कहानी दुनिया को पहले से पता होनी चाहिए थी
फिल्म के निर्माता दिनेश विजान ने कहा कि सिनेमा में कभी-कभी ऐसी असाधारण कहानियां सामने आती हैं, जिन्हें सुनकर लगता है कि दुनिया को इनके बारे में पहले से पता होना चाहिए था. उन्होंने कहा कि ईठा की कहानी सुनकर वह लावणी की संगीत, लय, ऊर्जा और इस कला को जीवंत बनाने वाली महिलाओं की दुनिया से बेहद प्रभावित हुए.
‘छावा’ के बाद अलग दुनिया लेकर आए लक्ष्मण उतेकर
फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है. ‘छावा’ की बड़ी सफलता के बाद वह इस बार दर्शकों के सामने बिल्कुल अलग दुनिया पेश करने जा रहे हैं. निर्देशक के मुताबिक, ईठा एक ऐसी कलाकार की कहानी है, जो आगे चलकर खुद एक विरासत बन गई.
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Helicopter Crash: बदरीनाथ से देहरादून जा रहा हेलिकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत
कब रिलीज होगी फिल्म?
‘ईठा’ को मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स प्रस्तुत कर रहे हैं. फिल्म का निर्माण दिनेश विजान और लक्ष्मण उतेकर ने किया है. ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही श्रद्धा कपूर के इस नए अवतार और लावणी की दुनिया को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है. फिल्म की रिलीज डेट को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है.
यह भी पढ़ें- CM रेखा गुप्ता ने दिवाली बाजार का किया उद्घाटन, दिव्यांगों के लिए कही बड़ी बात, छठ पूजा को लेकर भी दिए सख्त निर्देश


