Drishyam The Conclusion: अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘Drishyam: The Conclusion’ को लेकर फैंस का इंतजार अब खत्म होने वाला है. फिल्म के मेकर्स ने ट्रेलर रिलीज की तारीख का ऐलान कर दिया है. अजय देवगन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि फिल्म का ट्रेलर बुधवार को रिलीज होगा.
अजय देवगन ने X पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, Jo kahaani 2 October se shuru hui thi… woh khatam bhi 2 October ko hogi. यानी जो कहानी 2 अक्टूबर से शुरू हुई थी, उसका अंत भी 2 अक्टूबर को ही होगा.
यह भी पढ़ें- लद्दाख में NIMAS का बड़ा कीर्तिमान, 23 दिनों में 20 अविजित चोटियों पर पहली बार सफल चढ़ाई
फिर विजय सालगांवकर बनेंगे अजय देवगन
‘Drishyam: The Conclusion’ में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में नजर आएंगे. फिल्म को हिंदी ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी का आखिरी अध्याय बताया जा रहा है. फिल्म में एक बार फिर विजय की समझदारी, परिवार को बचाने की कोशिश और उसके बनाए प्लान कहानी के केंद्र में होंगे.
ट्रेलर रिलीज के ऐलान के साथ फिल्म का नया पोस्टर भी जारी किया गया है. इसमें अजय देवगन, तब्बू और जयदीप अहलावत कैमरे की तरफ बेहद गंभीर अंदाज में देखते नजर आ रहे हैं. पोस्टर सामने आने के बाद फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है.
तब्बू और श्रिया सरन भी लौटेंगी
फिल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू एक बार फिर IG मीरा देशमुख की भूमिका निभाएंगी. वहीं श्रिया सरन नंदिनी के किरदार में वापसी करेंगी. रजत कपूर के भी फिल्म की कास्ट में शामिल होने की बात कही जा रही है.
फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक कर रहे हैं. उन्होंने आमिल कीयान खान और परवेज शेख के साथ मिलकर इसकी कहानी और स्क्रीनप्ले पर काम किया है. फिल्म को Star Studio18 प्रस्तुत कर रहा है, जबकि इसका निर्माण Panorama Studios ने किया है.
2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म
‘Drishyam: The Conclusion’ की कहानी गोवा में रहने वाले साधारण परिवार के व्यक्ति विजय सालगांवकर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक हत्या के बाद अपने परिवार को बचाने के लिए अपनी बुद्धि और सूझबूझ का इस्तेमाल करता है.
यह भी पढ़ें- अमेरिकी टैरिफ की आशंका से तांबा रिकॉर्ड स्तर पर, LME पर 14,533 डॉलर प्रति टन पहुंचा
हिंदी ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2015 में ‘Drishyam’ से हुई थी. इसके बाद 2022 में ‘Drishyam 2’ रिलीज हुई और विजय की कहानी को आगे बढ़ाया गया. अब तीसरे और अंतिम अध्याय के साथ इस कहानी को खत्म करने की तैयारी है. ‘Drishyam: The Conclusion’ 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि फिल्म का ट्रेलर बुधवार को जारी किया जाएगा.


