असम में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है. लगातार बारिश और नदियों के जलस्तर बढ़ने से राज्य के कई हिस्से जलमग्न हैं. हालात को देखते हुए भारतीय सेना ने राज्य सरकार की सहायता के लिए ‘ऑपरेशन जल राहत’ शुरू किया है. राहत और बचाव अभियान युद्ध स्तर पर जारी है ताकि प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा सके.
हिमाचल के युवाओं को बड़ा तोहफा, लॉन्च हुआ ‘तकनीकी रोजगार सेतु’ पोर्टल
16 जिले बाढ़ की चपेट में, 3.62 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) की रिपोर्ट के अनुसार राज्य के 16 जिले अभी भी बाढ़ से प्रभावित हैं. कुल 45 रेवेन्यू सर्कल और 794 गांव बाढ़ की चपेट में हैं. इन इलाकों में 3 लाख 62 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं.
ब्रह्मपुत्र समेत कई प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे बाढ़ का खतरा लगातार बना हुआ है.
शिवसागर जिला सबसे ज्यादा प्रभावित
बाढ़ का सबसे अधिक असर शिवसागर जिले में देखा गया है, जहां 1.57 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं. इसके अलावा लगभग 19 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि पानी में डूब गई है, जिससे किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका है.
मुख्यमंत्री बोले- लोगों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है. उन्होंने बताया कि राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी हैं और सभी संबंधित एजेंसियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं.
सरकारी आंकड़ों के अनुसार बाढ़ से अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2 लोग लापता बताए गए हैं.
राहत शिविरों में पहुंचाए गए हजारों लोग
प्रशासन ने प्रभावित परिवारों की मदद के लिए 101 राहत शिविर और राहत वितरण केंद्र स्थापित किए हैं. इन शिविरों में हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.
NDRF और SDRF लगातार चला रही हैं रेस्क्यू अभियान
बाढ़ प्रभावित इलाकों में NDRF, SDRF और अन्य बचाव एजेंसियों की टीमें लगातार राहत कार्य में जुटी हुई हैं. कई स्थानों पर सड़कों और तटबंधों को नुकसान पहुंचा है, जबकि कुछ रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं.
राजधानी गुवाहाटी सहित कई शहरी इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है.
प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में जारी हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें.
जिला स्तर के संपर्क नंबर
- शिवसागर: 8471864355
- चाराइदेव: 9085412180
- जोरहाट: 0376-2300124
- गोलाघाट: 9394985421
- टोल फ्री नंबर: 1077
राज्य स्तरीय सहायता
- ASDMA कंट्रोल रूम: 0361-2372719
- मोबाइल: 09401044617
- इमरजेंसी टोल फ्री नंबर: 1070, 1079 और 112
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है.
सिक्किम सुरंग हादसे में 8 लोगों की मौत, कई मजदूर अब भी फंसे
स्रोत: असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA), मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के आधिकारिक बयान, भारतीय सेना.


