बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बुलंदशहर के दौरे पर हैं, जहां वे जिले को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात देने जा रहे हैं. मुख्यमंत्री बुलंदशहर और सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी ₹574.56 करोड़ की लागत वाली कुल 57 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. इस यात्रा के दौरान विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ सीएम योगी जन-कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी करेंगे और प्रदेशव्यापी ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान की शुरुआत करेंगे.
महाराष्ट्र विधानसभा में जल्द लागू होगा NeVA, डिजिटल और पेपरलेस होगी पूरी विधायी व्यवस्था
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम और मुख्य आकर्षण
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र से शुरू होकर मुख्य समारोह स्थल तक पहुंचेगा. मुख्यमंत्री सबसे पहले शिकारपुर के खंडवाया स्थित रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर पहुंचेंगे. इसके बाद सीएम बुलंदशहर के नुमाइश मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहाँ वे ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे. मुख्यमंत्री विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करेंगे. वे अटल आवासीय विद्यालय, राजकीय मेडिकल कॉलेज और छात्र-छात्राओं द्वारा बनाए गए विज्ञान मॉडलों का अवलोकन करेंगे. साथ ही, उद्यमियों, प्रगतिशील किसानों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाएंगे. सामाजिक सरोकारों से जुड़ते हुए सीएम योगी बच्चों के अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे.
20 नई परियोजनाओं का शिलान्यास
बुलंदशहर-स्याना-गढ़ मार्ग का चौड़ीकरण.
अमृत 2.0 पेयजल पुनर्गठन योजना.
कल्याण सिंह राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना.
पुलिस लाइन में महिला एवं पुरुष बैरकों का निर्माण.
स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) 2.0 के तहत एसटीपी एवं को-ट्रीटमेंट कार्य.
राजकीय आईटीआई में कार्यशाला निर्माण और नए गौसंरक्षण केंद्र की स्थापना.
24 पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का लोकार्पण
यमुनापुरम स्पोर्ट्स स्टेडियम के ऑल वेदर स्विमिंग पूल का सुदृढ़ीकरण.
100 बेड की क्षमता वाला वर्किंग वीमेन हॉस्टल.
जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय बदनौरा का ट्रांजिट हॉस्टल.
संयुक्त जिला चिकित्सालय में समर्पित विद्युत फीडर की स्थापना.
चामड़ कॉलोनी से गुलावठी रोड तक सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य.
लाभार्थियों को सहायता और अमरोहा का रुख
कार्यक्रम के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के संकल्प को दोहराते हुए विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित करेंगे. इसके तहत चयनित युवाओं और नागरिकों को.
मुख्यमंत्री युवा योजना के तहत स्वीकृति पत्र
लैपटॉप, चेक, थर्मल प्रिंटर, आयुष्मान कार्ड
स्कॉलरशिप, सब्सिडी/टूल किट और प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे.
EPFO ने लॉन्च की VISHWAS 2026 योजना, पेनाल्टी और डैमेज विवादों के समाधान का मिलेगा एकमुश्त अवसर
बुलंदशहर के बाद अमरोहा का दौरा
बुलंदशहर में भव्य कार्यक्रम को संबोधित करने और सौगातें देने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अमरोहा के लिए रवाना होंगे, जहाँ वे कई अन्य विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे.


