नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर में शनिवार और रविवार के बीच हुई भारी बारिश के बाद राजौरी और पुंछ जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं. उफनाई नदियों और भूस्खलन की घटनाओं के चलते अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं. राहत एवं बचाव दल लगातार प्रभावित इलाकों में अभियान चला रहे हैं.राजौरी जिले में दरहाली नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से निचले इलाकों में पानी भर गया. नदी का तेज बहाव बस स्टैंड की पार्किंग तक पहुंच गया, जिससे वहां खड़ी दर्जनों गाड़ियां बह गईं. कई मकानों और अन्य संपत्तियों को भी भारी नुकसान पहुंचा है.
राम मंदिर चंदा विवाद पर राहुल-खरगे का PM मोदी को पत्र, स्वतंत्र जांच और जवाबदेही की मांग
पुंछ में मकान गिरा, राजौरी में भूस्खलन
पुंछ जिले में एक मकान गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि राजौरी में भूस्खलन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की जान चली गई. अधिकारियों के अनुसार, दोनों जिलों में अभी भी पांच लोगों की तलाश जारी है. पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण दरहाली, खंडली सुक्तोह और जमोला समेत कई नदियां और नाले उफान पर हैं. प्रशासन ने अब्दुल्ला ब्रिज के नीचे से करीब 50 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है. वहीं, तारिक ब्रिज के आसपास भी जलभराव होने के कारण लोगों को निकाला जा रहा है.
युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन
स्थानीय पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उनकी टीमें हर SOS कॉल पर तत्काल कार्रवाई कर रही हैं. फिलहाल प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है. संपत्ति को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन बाढ़ का पानी उतरने के बाद ही किया जा सकेगा. मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों तक जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इसी के मद्देनजर माता वैष्णो देवी और बाबा अमरनाथ यात्रा को मौसम सामान्य होने तक स्थगित कर दिया गया है. प्रशासन ने लोगों से नदियों और नालों के किनारे जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है.
अमरनाथ और वैष्णो देवी यात्रा स्थगित
मौसम विभाग (IMD) ने आगामी 4 से 5 दिनों तक जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसी के मद्देनजर एहतियात के तौर पर माता वैष्णो देवी यात्रा और बाबा अमरनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है. प्रशासन ने श्रीनगर, राजौरी और पुंछ के निवासियों से घरों में रहने और सुरक्षित स्थानों पर बने रहने की अपील की है.
पीवी सिंधू ने रचा इतिहास, जापान ओपन 2026 जीतकर बनीं सुपर 750 खिताब जीतने वाली पहली भारतीय
उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली दौरा काटा
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने स्थिति पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने खराब मौसम को देखते हुए अपनी दिल्ली यात्रा भी बीच में ही समाप्त करने का फैसला किया है. वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से बातचीत कर केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है.


