Rajasthan Weather Alert: राजस्थान में फरवरी के मध्य में मौसम एक बार फिर करवट लेता नजर आ रहा है. 16 फरवरी से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ दिख सकता है. मौसम विभाग के अनुसार एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और कुछ जिलों में हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना बन रही है. खासकर शेखावाटी और उत्तरी राजस्थान में सुबह और रात के समय ठंड का असर बना रह सकता है, जबकि दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होने के आसार हैं.
जयपुर, सीकर, चूरू और झुंझुनूं समेत आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. इन क्षेत्रों में ठंडी हवाएं चलने से लोगों को हल्की सर्दी का एहसास हो सकता है. हालांकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों, जैसे बाड़मेर और जैसलमेर, में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है. कुल मिलाकर प्रदेश में तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी.
बड़े कहते रहे ‘अभी नहीं’, और खुशियां हमेशा के लिए छूटती चली गईं….
इन जिलों में चेतावनी हुई जारी
मौसम विभाग ने 17 और 18 फरवरी को बारिश को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया है. विभाग के मुताबिक जयपुर, अजमेर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. 17 फरवरी को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, नागौर, सीकर और झुंझुनूं जिलों में कहीं-कहीं बादलों की गरज के साथ हल्की वर्षा या बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है.
18 फरवरी को मौसम कैसा रहे
18 फरवरी को भी मौसम का यही रुख जारी रह सकता है. बीकानेर, नागौर, सीकर, जयपुर और अलवर जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इन दोनों दिनों में पश्चिमी विक्षोभ का असर स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगा. इसके प्रभाव से प्रदेश के कई इलाकों में हवा की रफ्तार भी बढ़ सकती है. अनुमान है कि 17 फरवरी को बारिश वाले क्षेत्रों में हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है.
बाकी राज्यों में भी बदल सकता है मौसम
सिर्फ राजस्थान ही नहीं, बल्कि उत्तर-पश्चिम भारत के अन्य हिस्सों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. 17 से 19 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है. वहीं मैदानी इलाकों जैसे पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में भी गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है.
अनु रंगीली के इस वीडियो ने एक रात में बना दिया स्टार, लोग पहुंच रहे राजस्थान
रबी फसलों को मिल सकता है लाभ
प्रदेश में किसानों के लिए यह बदलाव अहम माना जा रहा है क्योंकि हल्की बारिश से रबी फसलों को लाभ मिल सकता है, हालांकि तेज हवाएं कुछ क्षेत्रों में नुकसान भी पहुंचा सकती हैं. आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम के बदलते रुख को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतें. 16 से 18 फरवरी के बीच राजस्थान में बादल, बारिश और तेज हवाओं का मिश्रित असर देखने को मिल सकता है.


