Rajasthan Weather Update: राजस्थान में सर्दी अब लगभग विदा ले चुकी है और गर्मी ने धीरे-धीरे अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. प्रदेश के कई इलाकों में दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे दोपहर के समय गर्मी साफ महसूस होने लगी है. वहीं सुबह और शाम की ठंड अब नाम मात्र की रह गई है. मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के अनुसार आने वाला सप्ताह भी शुष्क रहने की संभावना है, यानी फिलहाल बारिश की कोई उम्मीद नहीं है.
मौसम केंद्र जयपुर ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि अगले सप्ताह प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा. आसमान अधिकतर साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी. हालांकि 23 और 24 फरवरी को दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है, लेकिन इससे मौसम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है. यानी की बारिश की संभावना बेहद कम है.
विवाह से पहले सही मुहूर्त क्यों है ज़रूरी? वरना आ सकती हैं वैवाहिक जीवन में बाधाएं
तापमान में भी बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है. इससे दिन के समय गर्मी और ज्यादा महसूस होगी. खासकर पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में तापमान तेजी से ऊपर जा रहा है.
शनिवार सुबह तक राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा. वहीं अधिकतम तापमान की बात करें तो बाड़मेर में पारा 33.4 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया, जो यह संकेत देता है कि प्रदेश में गर्मी का असर बढ़ रहा है.
राजधानी जयपुर में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यहां भी दिन में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस की जा रही है. मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में किसी बड़े मौसम तंत्र के सक्रिय होने की संभावना नहीं है. यानी आने वाले दिनों में मौसम स्थिर और शुष्क बना रहेगा.
दिल्ली में जमीन घोटालों पर लगेगी लगाम! हर इंच का होगा डिजिटल हिसाब, लागू होगी ‘भू-आधार कार्ड योजना’
राजस्थान में अब मौसम तेजी से गर्मी की ओर बढ़ रहा है. तापमान में बढ़ोतरी के साथ लोगों को आने वाले दिनों में और अधिक गर्मी के लिए तैयार रहना होगा.


