Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की घटना के बाद मुंबई में हड़कंप मच गया है. रविवार शाम जुहू इलाके में हुई इस घटना में अभिनेता के ड्राइवर समेत दो लोग घायल हो गए. टाइगर श्रॉफ गोली लगने से बच गए, जबकि उनके ड्राइवर फिरदौस के बाएं हाथ में गोली लगी. मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने जांच के लिए 15 टीमें गठित की हैं.
सुनेत्रा पवार ने बताया निंदनीय, सख्त कार्रवाई का भरोसा
महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने सोमवार को टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना की निंदा की. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. सुनेत्रा पवार ने कहा कि मुंबई में हर नागरिक की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई.
15 टीमें कर रहीं जांच, ड्राइवर का बयान दर्ज
मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच इस मामले की जांच कर रही हैं. पुलिस ने टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर फिरदौस का बयान दर्ज किया है, जो घटना में घायल हुए थे. पुलिस उपायुक्त मोहित गर्ग के मुताबिक, रविवार शाम करीब सात बजे टाइगर श्रॉफ फुटबॉल क्लब से अपनी कार में निकल रहे थे. इसी दौरान अज्ञात लोगों ने उनकी गाड़ी पर फायरिंग कर दी. अभिनेता को गोली नहीं लगी, लेकिन घटना में उनके ड्राइवर समेत दो लोग घायल हुए.
एकनाथ शिंदे ने घर पहुंचकर जाना हाल
घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रविवार रात टाइगर श्रॉफ के घर पहुंचे और उनका हालचाल जाना. इस दौरान अभिनेता की मां आयशा श्रॉफ भी मौजूद थीं. मुलाकात के बाद शिंदे ने बताया कि टाइगर के हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई है. उन्होंने कहा कि फायरिंग की घटना गंभीर और निंदनीय है. शिंदे ने अभिनेता और उनके परिवार को सुरक्षा के मामले में राज्य सरकार की ओर से हर जरूरी मदद का भरोसा दिया.
धमकियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
एकनाथ शिंदे ने कहा कि टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच राउंड फायरिंग की गई, लेकिन राहत की बात है कि अभिनेता सुरक्षित हैं. उन्होंने सार्वजनिक हस्तियों को मिल रही धमकियों का जिक्र करते हुए कहा कि किसी भी तरह की धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
शिंदे ने कहा कि लोगों को डराने और शहर में दहशत फैलाने की कोशिशों पर रोक लगाई जाएगी. फिलहाल पुलिस अज्ञात हमलावरों की पहचान करने और फायरिंग के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी.


