UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. वर्तमान समय में वातावरण में कई तरह की मौसमी गतिविधियां सक्रिय हैं, जिनका असर आने वाले दिनों में साफ तौर पर देखने को मिलेगा. इस समय ऊपरी हवा का एक चक्रवात बना हुआ है और इसके ऊपर से एक ट्रफ लाइन गुजर रही है. इसके साथ ही उत्तर-पश्चिमी हिस्से में दो पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हो रहे हैं. इन सभी सिस्टम के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में 27 मार्च से 31 मार्च के बीच बारिश की संभावना बन रही है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं.
मौसम विभाग के वैज्ञानिक आकाश मिश्र के अनुसार, 23 मार्च को हुई बारिश पश्चिमी विक्षोभ के कारण ही हुई थी. अब आने वाले दिनों में एक के बाद एक दो नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहे हैं, जिनका असर उत्तर प्रदेश पर भी पड़ेगा. विशेष रूप से 27 मार्च से 30 मार्च के बीच कई क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ आंधी और तूफान की स्थिति बनने की आशंका है. यह बदलता मौसम किसानों के लिए भी चिंता का कारण बन सकता है, क्योंकि तेज हवाएं और बारिश फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं.
कपूर के ये उपाय बदल सकते हैं आपकी किस्मत? जानिए आसान तरीके
मौसम में इस बदलाव के चलते तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है. तेज हवाओं और बारिश के कारण दिन के अधिकतम तापमान में कमी आएगी, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है. बुधवार को प्रदेश में हवाओं की गति लगभग 5 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जिसकी दिशा उत्तर-पश्चिम थी. वहीं, सुबह के समय आर्द्रता 64 प्रतिशत और शाम को 41 प्रतिशत दर्ज की गई. मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए यह माना जा रहा है कि मौसम फिलहाल जल्दी सामान्य नहीं होगा और बदलाव का दौर जारी रहेगा.
पूर्वांचल के जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. वाराणसी में हाल के दिनों में तापमान में हल्के उतार-चढ़ाव के बावजूद दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक दर्ज किया गया. मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री ज्यादा है.
मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी मौसम में बदलाव जारी रहेगा. 27 मार्च को नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और हल्की बूंदाबांदी की संभावना रहेगी. इसके साथ ही दिन में तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी. इसके बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के संकेत हैं, जिससे अगले एक सप्ताह तक तापमान में किसी बड़े उछाल की संभावना नहीं है.
दही-चीनी खाने की परंपरा क्यों? जानिए इसके पीछे का विज्ञान और मान्यता
इन दिनों बदलते मौसम का असर आम जनजीवन पर भी महसूस किया जा रहा है. दिन के समय जहां हल्की गर्मी का अहसास हो रहा है, वहीं सुबह और शाम के समय ठंडक बनी हुई है, जिससे लोगों को मौसम में अस्थिरता का अनुभव हो रहा है.


