Rajasthan Weather Update: राजस्थान में फरवरी के अंतिम सप्ताह में गर्मी का असर लगातार बढ़ता नजर आ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 6 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर दर्ज किए जा रहे हैं. बीते 24 घंटों के दौरान सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.9 डिग्री अधिक है.
27 फरवरी को प्रदेश के कई शहरों में तापमान 34 डिग्री के पार पहुंच गया. बाड़मेर में 35.2°C, चित्तौड़गढ़ और जैसलमेर में 34.8°C, चूरू में 34.6°C तथा फतेहपुर में 34.5°C अधिकतम तापमान दर्ज किया गया. पिलानी और लूणकरणसर में 34.3°C, बीकानेर में 34.2°C और जोधपुर में 34°C तापमान रिकॉर्ड हुआ. जयपुर में अधिकतम तापमान 32.5°C दर्ज किया गया, जबकि कोटा में 31.6°C और डूंगरपुर में 31.1°C रहा.
5 काम जो शनिवार को न करें, शनि देव हो सकते हैं नाराज
दिन में गर्मी का प्रभाव स्पष्ट रूप से महसूस किया गया, वहीं कुछ स्थानों पर मौसम ने हल्का करवट भी लिया. शाम 7 बजे के बाद हरियासर, लूणकरणसर और बीकानेर में हल्की फुहारें गिरीं. इसके अलावा चूरू जिले के तारानगर क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई. हालांकि इन हल्की वर्षा गतिविधियों का तापमान पर विशेष प्रभाव नहीं पड़ा.
28 फरवरी को मौसम कैसा रहेगा
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार 28 फरवरी से राज्य के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है. अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है. इसके बाद 3 मार्च से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है.
विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ते तापमान के कारण दोपहर के समय गर्मी का असर और तेज हो सकता है. ऐसे में लोगों को दोपहर में धूप से बचाव करने, पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी गई है. फिलहाल प्रदेश में किसी बड़े मौसमी बदलाव या वर्षा प्रणाली के सक्रिय होने के संकेत नहीं हैं.
मोदी-नेतन्याहू की गर्मजोशी से बढ़ी हलचल, इजरायल-भारत की नजदीकियों पर पाकिस्तान क्यों बेचैन?
राजस्थान में फरवरी का अंत सामान्य से अधिक गर्मी के साथ हो रहा है और मार्च की शुरुआत में तापमान में और बढ़ोतरी के आसार हैं.


