Aaj Ka Mausam 14 March 2026: मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि उत्तर भारत सहित देश के कई राज्यों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. कई स्थानों पर बारिश, आंधी और बादलों की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पहाड़ी इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम का असर मैदानों तक दिखाई देगा. इसके चलते कई राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम में इस बदलाव के कारण तापमान में भी मामूली गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
बस… आने वाली है PM Kisan की 22वीं किस्त! 9 करोड़ किसानों के खाते में आएंगे ₹2000, ऐसे करें चेक
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां जारी हैं. 14 मार्च तक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश की तीव्रता थोड़ी कम हो सकती है, लेकिन 16 मार्च से मौसम फिर से सक्रिय होने की संभावना है. इस दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश दर्ज की जा सकती है.
15 से 17 मार्च तक उत्तर भारत में बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक 15 से 17 मार्च के बीच पूरे उत्तर भारत में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी. इस दौरान हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में मौसम करवट ले सकता है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. साथ ही 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है.
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश
निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार 13 से 15 मार्च के बीच असम और मेघालय में भारी बारिश हो सकती है. वहीं अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ बर्फबारी होने का अनुमान है. इन क्षेत्रों में मौसम के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है.
दक्षिण और मध्य भारत में भी बारिश का असर
अगले 48 घंटों के दौरान महाराष्ट्र, विदर्भ, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में मेघगर्जन और आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है. वहीं देश के अन्य हिस्सों में तेज गर्मी के बीच हीटवेव की स्थिति बनने की चेतावनी भी दी गई है.
राजस्थान में बारिश का अलर्ट
राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम बदलने लगा है और आसमान में बादलों की आवाजाही देखी जा रही है. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है. इसके प्रभाव से शनिवार से आंधी चलने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है. अगले एक से दो दिन तक आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.
इन जिलों में बारिश की संभावना
14 और 15 मार्च को जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के साथ शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में मौसम प्रभावित रह सकता है. इसके अलावा गंगानगर और हनुमानगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में हल्की आंधी, बारिश या बूंदाबांदी होने का अनुमान है. मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि 19 से 21 मार्च के बीच एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे फिर से आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. फिलहाल कोटा में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और बाड़मेर में 39.5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
दिल्ली-एनसीआर में भी बदलेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है. शुक्रवार सुबह से हल्की हवाओं के साथ बादलों की आवाजाही देखी जा रही है. मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च को हल्की बारिश होने की संभावना है. इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है. अगले दो दिनों तक आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. इस दौरान एक-दो बार हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. दिल्ली में अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. तेज हवाओं के कारण वायु गुणवत्ता में भी सुधार होने की संभावना जताई जा रही है. फिलहाल राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) खराब श्रेणी में बना हुआ है.
यूपी में भी बारिश का अनुमान
उत्तर प्रदेश में 15 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. इसका असर राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिखाई दे सकता है. मौसम विभाग ने 15 और 16 मार्च को गरज-चमक और हल्की आंधी के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है. मौसम बदलने के बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. फिलहाल कई जिलों में अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है.
बिहार में भी बदल रहा मौसम
बिहार में भी मौसम लगातार बदल रहा है. कई जिलों में बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर तेज धूप देखने को मिल रही है. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक पटना, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, कटिहार और सुपौल में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इन जिलों में बारिश के साथ हल्की आंधी और ओलावृष्टि का भी खतरा जताया गया है.
हरियाणा और पंजाब में भी बारिश का अनुमान
हरियाणा में अगले 36 घंटों के बाद मौसम में बदलाव की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार दादरी, चरखी, भिवानी, हिसार, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पंचकूला और पानीपत जिलों में बादल छाने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. इसके साथ ही गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. उधर पंजाब में भी अगले तीन दिनों तक आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है. अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, गुरदासपुर, पटियाला, फतेहगढ़, मोहाली और संगरूर में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
उत्तराखंड और हिमाचल में बर्फबारी जारी
उत्तराखंड के कई ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है. मौसम विभाग के अनुसार रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी में मेघगर्जन के साथ बारिश और बर्फबारी हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई स्थानों पर बर्फबारी दर्ज की गई है. पिछले 24 घंटों में रोहतांग, अटल टनल, पांगी और भुंतर में बारिश और बर्फबारी के साथ ओलावृष्टि हुई है.
हीटवेव का भी खतरा
देश के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा और तमिलनाडु में तापमान तेजी से बढ़ सकता है और 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. मैदानी इलाकों में जब तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक हो और सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा हो जाए, तब हीटवेव की स्थिति मानी जाती है.
‘IAS फैक्ट्री’ कहलाता यूपी का ये गांव, यहां मां सरस्वती करती हैं वास!
सनबर्न से बचाव जरूरी
गर्मी के मौसम में सनबर्न का खतरा भी बढ़ जाता है. चिकित्सकीय भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है. यह समस्या सूरज की तेज अल्ट्रावायलेट किरणों के लंबे समय तक संपर्क में आने से होती है. इससे त्वचा पर जलन, लाल दाग, सूजन और छाले जैसी समस्या हो सकती है. विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी के मौसम में धूप से बचाव के लिए सावधानी बरतना जरूरी है.


