Aaj Ka Mausam: देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है और धूप का असर कम हुआ है. मौसमी गतिविधियों के चलते तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के दौरान पहाड़ी इलाकों में मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा.
पहाड़ी राज्यों में खराब मौसम, बर्फबारी के आसार
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम खराब रहने की संभावना है. इन इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. साथ ही मेघगर्जन के साथ बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां जारी रहने के आसार हैं.
मामूली गारंटी, बड़ी राहत! यूपी के किसानों के लिए वरदान बनी ‘मुख्यमंत्री लघु सिंचाई योजना’
उत्तर भारत में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का खतरा
पश्चिमी विक्षोभ के असर से पूरे उत्तर भारत में मौसम सक्रिय बना हुआ है. 19 और 20 मार्च को दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में तेज धूल भरी आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है. खराब मौसम के कारण रबी की फसल को नुकसान होने की आशंका जताई गई है.
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी असर
गुरुवार और शुक्रवार को ओडिशा, सिक्किम, झारखंड, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में भी आंधी-तूफान और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं स्काईमेट के अनुसार कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, महाराष्ट्र, विदर्भ और मराठवाड़ा में भी बारिश के संकेत हैं.
उत्तर प्रदेश में बदला मौसम, कई जिलों में अलर्ट
उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है. पिछले 24 घंटे में पश्चिमी यूपी में तेज हवाओं और बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी है. 20 मार्च तक नोएडा, गाजियाबाद, सहारनपुर, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली, अलीगढ़, आगरा, मथुरा समेत 20 से अधिक जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी है. कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है. हालांकि बुंदेलखंड, रुहेलखंड और अवध में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन भारी बारिश की संभावना कम है.
बिहार में भी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
बिहार में भी अगले कुछ घंटों में मौसम सक्रिय रहेगा. पटना, गया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, भागलपुर समेत अधिकांश जिलों में 20 मार्च को आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का पूर्वानुमान है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.
दिल्ली-एनसीआर में ठंडक, बारिश का दौर जारी
दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटे से रुक-रुक कर आंधी-बारिश हो रही है. काले बादलों के चलते दिन में भी अंधेरा छाया हुआ है. तापमान गिरने से मौसम सुहावना हो गया है और प्रदूषण में भी सुधार दर्ज किया गया है. अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. 20 मार्च को आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है.
राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में अलर्ट
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जिलों में आंधी-बारिश दर्ज की गई है. अगले दो दिनों तक जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और कोटा समेत कई क्षेत्रों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हरियाणा और पंजाब में भी 20 मार्च को आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है. हिसार, भिवानी और चंडीगढ़ समेत कई जिलों में मौसम बिगड़ने की संभावना है.
शिवभक्तों के लिए खुशखबरी! इस तारीख से शुरू होगी केदारनाथ यात्रा, जानिए पूरी जानकारी
पहाड़ों में जारी बर्फबारी का दौर
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है. वहीं जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भी बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट आई है. मौसम विभाग के अनुसार 23 से 29 मार्च के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है.


