Noida News: उत्तर प्रदेश के ड्रीम प्रोजेक्ट नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को एक और बड़ी ताकत मिल गई है. यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की 89वीं बोर्ड बैठक में ऐसे फैसले लिए गए हैं, जो इस पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल सकते हैं. इस बैठक की अध्यक्षता चेयरमैन आलोक कुमार ने की, जिसमें विकास परियोजनाओं को तेज करने और क्षेत्रीय इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने पर खास जोर दिया गया.
प्राधिकरण ने आवासीय, वाणिज्यिक, संस्थागत और औद्योगिक संपत्तियों की आवंटन दरों में 3.58% वृद्धि का फैसला लिया है. यह वृद्धि महंगाई दर को ध्यान में रखते हुए की गई है और नई दरें 1 अप्रैल 2026 से लागू होंगी, जिससे राजस्व में संतुलित बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है.
बजट में अनुमानित आय लगभग 11,830 करोड़ रुपये और व्यय 11,811 करोड़ रुपये तय किया गया है. यह संतुलित और लाभप्रद बजट मॉडल को दर्शाता है, जिसमें प्राधिकरण ने विकास कार्यों के साथ वित्तीय अनुशासन बनाए रखने की रणनीति अपनाई है.
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विकास के लिए 502 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. इसके अलावा मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट्स के लिए 300 करोड़ रुपये रखे गए हैं, जिससे एयरपोर्ट को बेहतर सड़क और परिवहन नेटवर्क से जोड़ा जा सकेगा.
जेवर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए ‘ट्रैफिक पार्क कम ट्रेनिंग सेंटर’ स्थापित किया जाएगा. यह परियोजना Honda India Foundation के सहयोग से पूरी होगी, जिसमें प्राधिकरण मुफ्त भूमि देगा जबकि स्वामित्व उसके पास ही रहेगा.
राया अर्बन सेंटर के तहत प्रस्तावित हेरिटेज सिटी परियोजना के बिड डॉक्यूमेंट में संशोधन के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही ट्रांसपोर्ट और मल्टीपल लैंड यूज की दरें तय करने के लिए समितियों का गठन किया गया, जिससे भविष्य की योजनाओं को व्यवस्थित रूप से लागू किया जा सके.


