Aaj Ka Mausam: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. एक तरफ उत्तर भारत के अधिकांश राज्य भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं, तो वहीं दूसरी ओर कई राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अगले कुछ दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के दो चरम रूप देखने को मिलेंगे—कहीं तेज गर्म हवाएं लोगों को झुलसाएंगी तो कहीं गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश राहत भी दे सकती है और परेशानी भी बढ़ा सकती है.
पूर्वोत्तर में भारी बारिश और तूफान का खतरा
पूर्वोत्तर भारत में मौसम पूरी तरह से बदला हुआ नजर आ रहा है. असम में लगातार भारी बारिश का दौर जारी है, जो अगले दो से तीन दिनों तक जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक क्षेत्र में बने ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवातीय परिसंचरण और उत्तर-पूर्वी बांग्लादेश के ऊपर सक्रिय सिस्टम के कारण यह स्थिति बनी हुई है. राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा और आंधी-तूफान की आशंका भी जताई गई है, जिससे शहरी बाढ़, जलभराव और भूस्खलन जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं.
प्रयागराज जंक्शन बनेगा नया सिटी सेंटर! मई से शुरू होगी भूमिगत पार्किंग, जाम से मिलेगी बड़ी राहत
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में लू का प्रकोप
इसी तरह अरुणाचल प्रदेश में 21 से 23 अप्रैल के बीच गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का अनुमान है. वहीं नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 21 से 22 अप्रैल के दौरान आंधी-तूफान और बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में भी तेज गरज-चमक के साथ भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है. इस दौरान किसानों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, ताकि फसलों, फलों और सब्जियों को ओलावृष्टि और तेज हवाओं से होने वाले नुकसान से बचाया जा सके.
दूसरी ओर, उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के बड़े हिस्से में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. IMD के मुताबिक अगले 4 से 5 दिनों तक कई राज्यों में लू चलने की प्रबल संभावना है. हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और उत्तर प्रदेश सहित कई क्षेत्रों में 21 से 25 अप्रैल के बीच अलग-अलग समय पर लू का प्रभाव देखने को मिलेगा. वहीं पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का असर बना रहेगा.
दिल्ली-NCR: 42°C तक पहुंचेगा पारा
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में गर्मी लगातार बढ़ रही है. तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और आने वाले दिनों में इसके 42 डिग्री तक जाने की संभावना है. मौसम विभाग ने यहां हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. 21 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री रहने का अनुमान है, जबकि 22 अप्रैल को तापमान बढ़कर 42/22 डिग्री तक पहुंच सकता है. इस दौरान पूरे दिन लू चलने की संभावना है. 23 और 24 अप्रैल को भी स्थिति में कोई खास सुधार नहीं होगा और तापमान ऊंचा बना रहेगा. 24 अप्रैल को नमी बढ़ने से उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी को और बढ़ा सकती है.
उत्तर प्रदेश: प्रयागराज में 44°C पार
उत्तर प्रदेश में भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. प्रयागराज में तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो प्रदेश में सबसे अधिक दर्ज किया गया है. राजधानी लखनऊ में भी तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है और कई इलाकों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है.
बिहार: तेज आंधी और गर्मी दोनों का असर
बिहार में 23 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ आंधी की संभावना जताई गई है, जहां हवा की रफ्तार 50 से 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. हालांकि राज्य में गर्मी का असर भी बरकरार है और पटना समेत कई जिलों में लोग तपिश से परेशान हैं.
मध्य प्रदेश: लू के साथ बारिश और ओले
मध्य प्रदेश में गर्मी के साथ-साथ मौसम का मिजाज मिला-जुला बना हुआ है. कुछ जिलों में लू की स्थिति है, तो वहीं भोपाल, विदिशा और इंदौर सहित कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. यहां 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और ओलावृष्टि भी हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आंधी के दौरान घर के अंदर रहने की सलाह दी है.
झारखंड: आंधी-बारिश के बीच बढ़ती गर्मी
झारखंड में भी 21 अप्रैल को गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. हालांकि तापमान 40 से 44 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. गर्मी को देखते हुए राज्य में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है, ताकि बच्चों को राहत मिल सके.
ओडिशा और दक्षिण भारत: उमस भरी गर्मी
ओडिशा में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा और कई जिलों में अगले तीन दिनों तक लू चलने की संभावना है. इसी तरह तमिलनाडु, केरल और तटीय आंध्र प्रदेश में भी गर्मी के साथ हल्की बारिश और उमस भरा मौसम बना रहेगा.
यूपी में अब सिर्फ 1000–1500 रुपये में मिलेगा घर, सरकार का श्रमिकों के लिए बड़ा फैसला
पंजाब-हरियाणा और गुजरात: हल्की राहत की उम्मीद
गुजरात में तापमान 39 से 42 डिग्री के बीच रह सकता है, जबकि तटीय इलाकों में समुद्री हवाओं से थोड़ी राहत मिल सकती है. वहीं पंजाब और हरियाणा में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश से तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है.
देश में मौसम के ये बदलते हालात लोगों के लिए चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं. कहीं तेज गर्मी और लू से बचाव जरूरी है तो कहीं आंधी-तूफान और बारिश से सतर्क रहने की आवश्यकता है. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे समय-समय पर जारी एडवाइजरी का पालन करें और अनावश्यक यात्रा से बचें, खासकर उन क्षेत्रों में जहां भारी बारिश या तेज आंधी की चेतावनी दी गई है.


