UP Workers Housing Scheme: उत्तर प्रदेश में रोज़गार की तलाश में शहरों का रुख करने वाले लाखों श्रमिकों के लिए आखिरकार राहत की खबर आ गई है. महंगे किराए और असुरक्षित रहने की मजबूरी अब धीरे-धीरे खत्म हो सकती है.
राज्य सरकार ने एक बड़ा और अहम फैसला लेते हुए औद्योगिक क्षेत्रों में किफायती किराया आवास नीति लागू करने का ऐलान किया है. इसका सीधा फायदा उन मजदूरों और कामगारों को मिलेगा, जो आज तक ऊंचे किराए और लंबी दूरी की वजह से परेशान थे.
गांव-गांव तक पहुंची विकास की रफ्तार, गंगा एक्सप्रेसवे से रायबरेली के 250 गांवों की जिंदगी बदलेगी
सरकार का श्रमिकों के लिए बड़ा फैसला
योजना के अनुसार औद्योगिक क्षेत्रों में लगभग 30 प्रतिशत जमीन पर श्रमिकों के लिए विशेष आवास बनाए जाएंगे. इससे मजदूरों को फैक्ट्री या काम की जगह के पास रहने की सुविधा मिलेगी, जिससे उनका समय और परिवहन खर्च दोनों कम होंगे और वे अधिक आरामदायक जीवन जी सकेंगे. इस योजना को लागू करने में सरकारी एजेंसियों के साथ-साथ निजी डेवलपर्स को भी शामिल किया जाएगा.
निजी बिल्डरों को परियोजनाओं में श्रमिक आवास बनाने पर भू-उपयोग, मानचित्र स्वीकृति और विकास शुल्क में छूट दी जाएगी, जिससे वे इस योजना में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित हों.
1000–1500 रुपये में मिलेगा घर
इस योजना का सबसे बड़ा आकर्षण कम किराया है, जो लगभग 1000 से 1500 रुपये प्रति माह रखा जा सकता है. वर्तमान में शहरों में किराया काफी अधिक है, ऐसे में यह योजना कम आय वाले श्रमिकों के लिए बड़ी राहत साबित होगी और उनके खर्च को काफी हद तक कम करेगी.
योजना का लाभ केवल अकुशल मजदूरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वेंडर, पेंटर, प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन जैसे कुशल श्रमिक भी इसका फायदा उठा सकेंगे. इससे विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को सस्ती और सुरक्षित रहने की सुविधा मिलेगी.
आवास आवंटन की व्यवस्था इस तरह बनाई जाएगी कि यदि कोई श्रमिक शहर छोड़ता है, तो उसी मकान को दूसरे जरूरतमंद श्रमिक को दे दिया जाएगा. इससे आवास का सही उपयोग सुनिश्चित होगा और अधिक से अधिक लोगों को इस योजना का लाभ मिल सकेगा.
प्रयागराज जंक्शन बनेगा नया सिटी सेंटर! मई से शुरू होगी भूमिगत पार्किंग, जाम से मिलेगी बड़ी राहत
यह योजना प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) की किफायती किराया नीति का विस्तार है. इससे श्रमिकों को बेहतर जीवन मिलेगा, उद्योगों को स्थायी कार्यबल मिलेगा और शहरों में अव्यवस्थित बस्तियों की समस्या को कम करने में भी मदद मिलेगी.


