UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में बीते एक सप्ताह से जारी सुहावने मौसम और राहत की बूंदों का दौर अब थमने वाला है. राज्य में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट ले रहा है. मौसम विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के अनुसार, प्रदेश में अब बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी और सूरज के तीखे तेवरों के साथ तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी. अगले एक सप्ताह के भीतर पारा 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक उछल सकता है.
11 मई: प्रदेश में मौसम रहेगा स्थिर और शुष्क
सोमवार, 11 मई को उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क और स्थिर रहने की संभावना है. बीते रविवार से ही प्रदेश के ज्यादातर जिलों में तेज धूप खिलने के कारण गर्मी का अहसास बढ़ गया है. हालांकि, राहत की बात यह है कि फिलहाल राज्य में लू (Heatwave) जैसी स्थिति नहीं बनी है और अधिकांश स्थानों पर तापमान अभी भी सामान्य के आसपास या उससे नीचे बना हुआ है.
धान की खेती में 15,000 की सीधी बचत! वैज्ञानिकों ने बताया पानी और पैसा बचाने का ‘सीक्रेट’ फॉर्मूला
12 से 15 मई: तराई क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो रहा है. इसके प्रभाव से 12 से 15 मई के बीच पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के तराई वाले क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी. इस दौरान कुछ स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. हालांकि, यह बारिश गर्मी से बड़ी राहत दिलाने में नाकाम रहेगी, क्योंकि बादलों की सक्रियता के बावजूद तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रहेगा.
राजधानी लखनऊ में चढ़ेगा पारा, खिलकर निकलेगी धूप
लखनऊवासियों के लिए अब गर्मी की चुनौती बढ़ने वाली है. बीते एक सप्ताह से चल रही ठंडी हवाओं और बूंदाबांदी के बाद अब मौसम साफ होने लगा है. रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि पिछले तीन दिनों में 5.5 डिग्री की वृद्धि को दर्शाता है. वहीं न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा.
मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार से लखनऊ में आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी. अगले एक सप्ताह के दौरान राजधानी के अधिकतम तापमान में लगभग 6 डिग्री सेल्सियस तक की और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी का असर और अधिक तीखा हो जाएगा.
इश्क, धोखा और मौत… प्रेमिका की बेवफाई से टूटा पूर्व प्रधान का बेटा, कॉलेज के कमरे में लगा ली फांसी
क्यों बढ़ रही है गर्मी?
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, नमी में कमी और सीधे आने वाली सौर विकिरणों के कारण तापमान में तेजी से उछाल आ रहा है. तराई के क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार जरूर हैं, लेकिन शुष्क हवाओं का दबदबा बढ़ने से गर्मी का ग्राफ ऊपर जाएगा. उत्तर प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है. तापमान में अचानक हो रही इस बढ़ोतरी को देखते हुए दोपहर के समय घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतें और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन करें.


