UP Weather Update: उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है. प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है. आगरा, बांदा, झांसी समेत कई इलाकों में दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है. दोपहर में सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं. रात के समय भी गर्मी कम नहीं हो रही, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है. लगातार गर्म मौसम के कारण लोगों में बेचैनी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ने लगी हैं.
चश्मे के स्क्रैच हटाने के 4 आसान तरीके, मिनटों में फिर दिखेगा बिल्कुल साफ
बिजली कटौती ने बढ़ाई परेशानी
भीषण गर्मी के बीच कई जिलों में बिजली कटौती और ट्रांसफार्मर फेल होने की घटनाओं ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. लखनऊ, कानपुर, नोएडा और आगरा सहित कई शहरों में लोग घंटों बिजली कटौती का सामना कर रहे हैं. तेज गर्मी में बिजली बंद होने से कूलर, पंखे और एसी बंद पड़ रहे हैं, जिससे लोगों का हाल बेहाल हो गया है. कई क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है.
कई जिलों में लू का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने 23 मई को भी प्रदेश में भीषण गर्मी और उष्ण लहर जारी रहने की चेतावनी दी है. विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी गर्म हवाएं चल सकती हैं. बांदा, चित्रकूट, कौशांबी और प्रयागराज जिलों में प्रचंड गर्मी और लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में दोपहर के समय तापमान बेहद अधिक रहने की संभावना जताई गई है.
ऑरेंज और यलो अलर्ट वाले जिले
नोएडा, गाजियाबाद, बागपत, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, जालौन, हमीरपुर, फतेहपुर और प्रतापगढ़ में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में दिन के साथ रातें भी गर्म रहने की संभावना है. इसके अलावा झांसी, महोबा, ललितपुर, संत कबीर नगर, सोनभद्र और मीरजापुर में भी ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है.
वहीं सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बिजनौर, मेरठ, मुरादाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, कासगंज, एटा, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, कन्नौज, हरदोई, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सीतापुर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ और बलिया में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है.
लखनऊ में भी गर्मी का असर
राजधानी लखनऊ में भी गर्म हवाओं और उमस भरी रातों का असर देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार यहां अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. दिन में तेज धूप और रात में गर्म हवाओं के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
अगले तीन दिन राहत की उम्मीद नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक प्रदेश में गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है. 26 मई तक इसी तरह गर्म और शुष्क मौसम बना रहने का अनुमान जताया गया है. हालांकि 27 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन इससे तापमान में ज्यादा गिरावट की उम्मीद नहीं है. पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने और हीटवेव का असर जारी रहने की संभावना है.
कढ़ाई छोड़िए! अब प्रेशर कुकर में बनेंगी फूली-फूली पूरियां, वो भी कम तेल में, जानिए किचन हैक
तापमान में और बढ़ोतरी के आसार
विशेषज्ञों के अनुसार प्रचंड धूप और पश्चिमी गर्म हवाओं के कारण अगले 24 घंटों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद तापमान स्थिर रह सकता है, लेकिन गर्मी का असर लगातार बना रहेगा. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है.
aa

