Pranit More Show Controversy: कॉमेडियन प्रणीत मोरे (Praneet More) के क्राउड-वर्क शो से शुरू हुआ ‘370 रुपये की बिरयानी’ का विवाद अभी थमा भी नहीं था कि उनके शो की एक और क्लिप ने सोशल मीडिया पर नया बखेड़ा खड़ा कर दिया है. इस बार विवादों के केंद्र में हैं मुंबई के प्रतिष्ठित केईएम (KEM) हॉस्पिटल से जुड़ीं डॉक्टर सेजल पवार. शो के दौरान मृत शरीरों (डेड बॉडीज) को लेकर की गई उनकी एक कथित अमर्यादित टिप्पणी पर मेडिकल प्रोफेशनल्स, छात्रों और आम सोशल मीडिया यूजर्स ने तीखी नाराजगी जताई है. विवाद बढ़ने के बाद अब लेडी डॉक्टर ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है.
क्या है पूरा विवाद?
इंस्टाग्राम पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, सेजल पवार केईएम हॉस्पिटल से जुड़ी हैं. हाल ही में वे कॉमेडियन प्रणीत मोरे के एक स्टैंड-अप शो में बतौर दर्शक शामिल हुई थीं. प्रणीत मोरे ने दर्शकों से बातचीत (Crowd Work) के दौरान पूछा कि क्या डॉक्टर पोस्टमॉर्टम करते समय या इंसानी शरीरों पर काम करते समय गंभीर रहते हैं या मजाक-मस्ती भी करते हैं? इस पर डॉक्टर सेजल पवार ने मेडिकल रूम के अपने अनुभव साझा किए. उन्होंने बताया कि एनाटॉमी की पढ़ाई (Anatomy Classes) के दौरान वे और उनके साथी, पुरुषों के शवों (Dead Bodies) के प्राइवेट पार्ट्स के साइज की तुलना किया करते थे.
जैसे ही इस बातचीत की वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुई, लोगों का गुस्सा भड़क उठा. सोशल मीडिया यूजर्स और मेडिकल जगत से जुड़े लोगों ने इसे बेहद असंवेदनशील, अनैतिक और मृत व्यक्तियों के सम्मान के खिलाफ बताया.
चौतरफा घिरने पर डॉक्टर सेजल ने मांगी माफी
बढ़ते आक्रोश और भारी ट्रोलिंग के बाद डॉक्टर सेजल पवार ने गुरुवार, 11 जून को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक आधिकारिक बयान जारी कर माफी मांगी. उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए दो स्लाइड का एक स्टेटमेंट पोस्ट किया.
मेरा मकसद अनादर करना नहीं था, लेकिन…
मैं हाल ही में वायरल हुए वीडियो क्लिप के बारे में बात करना चाहती हूं. उसे दोबारा देखने के बाद मैं पूरी तरह समझती हूं कि मेरी बातों से लोग क्यों नाराज हुए. यह एक संवेदनशील विषय है और मेरी बातें उस तरह से सामने आईं, जैसे उन्हें नहीं आना चाहिए था. हालांकि मेरा मकसद कभी किसी का अनादर करना नहीं था, लेकिन मैं मानती हूं कि इरादे से ज्यादा असर मायने रखता है. मैं इसकी पूरी जिम्मेदारी लेती हूं.
एक स्टूडेंट के तौर पर यह मेरे लिए सीख
अपने बयान के अगले हिस्से में सेजल ने इसे अपने लिए एक सबक बताया. उन्होंने लिखा कि एक स्टूडेंट के तौर पर यह मेरे लिए सीखने का अनुभव रहा है. इसने मुझे अपनी बातचीत के तरीके के बारे में सोचने पर मजबूर किया है, खासकर तब जब हम ऐसे विषयों पर बात करते हैं जिन पर ज्यादा संवेदनशीलता की जरूरत होती है. जिन लोगों को भी उस क्लिप से निराशा या दुख हुआ है, मैं इसके लिए सच में माफी मांगती हूं. मैं भविष्य में कभी भी ऐसा दोबारा नहीं होने दूंगी.
NCR की तस्वीर बदलने वाला मास्टर प्लान! 8 नए शहर, 30 मिनट की कनेक्टिविटी और जाम से आजादी
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
इस वीडियो के सामने आने के बाद से ही इंटरनेट पर लोग मेडिकल एथिक्स (चिकित्सीय नैतिकता) को लेकर सवाल उठा रहे हैं. कई यूजर्स का कहना है कि जो शव मेडिकल के छात्रों को पढ़ाई और रिसर्च के लिए दान में मिलते हैं, उनका इस तरह का मजाक उड़ाना उनके और उनके परिवारों के प्रति घोर अनादर है. हालांकि, माफीनामा सामने आने के बाद अब कुछ लोग इस पर कानूनी कार्रवाई की मांग भी कर रहे हैं, तो कुछ इसे प्रणीत मोरे के शो के गिरते स्तर से जोड़कर देख रहे हैं.


