इंदौर पुलिस कमिश्नरेट के ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 (Say No to Drugs)’ अभियान के तहत मंगलवार को अभय प्रशाल में विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विद्यार्थियों और युवाओं ने पेंटिंग, रंगोली, स्लोगन लेखन, कविता, निबंध लेखन और ओपन माइक के माध्यम से नशामुक्त समाज का प्रभावी संदेश दिया.
पुलिस आयुक्त ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी, पुलिस उपायुक्त अभिषेक रंजन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (क्राइम) राजेश दंडोतिया सहित कई पुलिस अधिकारी, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.
इस दौरान पुलिस आयुक्त ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को प्रभावित करता है. उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की. कार्यक्रम में सभी उपस्थित लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ भी दिलाई गई.
कला और साहित्य के माध्यम से दिया जागरूकता का संदेश
प्रतियोगिताओं में शामिल प्रतिभागियों ने अपनी रचनाओं के जरिए नशे के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया. पेंटिंग, रंगोली, स्लोगन, कविता और निबंधों में सामाजिक जागरूकता का संदेश प्रमुखता से देखने को मिला.
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने प्रतिभागियों की रचनात्मक सोच और सामाजिक सरोकारों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
तीन साल की बच्ची और विशेष बच्चों ने जीता दिल
कार्यक्रम का सबसे भावुक पल तब आया जब केवल तीन वर्ष की एक बच्ची ने मासूम अंदाज में सभी से नशे से दूर रहने की अपील की. वहीं विशेष बच्चों (Special Children) ने अपनी पेंटिंग और स्लोगन के माध्यम से यह संदेश दिया कि समाज में बदलाव लाने के लिए संवेदनशील सोच और सकारात्मक प्रयास सबसे बड़ी ताकत हैं.
उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावुक करने के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित भी किया.
विजेताओं को समापन समारोह में किया जाएगा सम्मानित
प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन विशेषज्ञ निर्णायकों द्वारा किया गया. प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अभियान के समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा. इसके अलावा शीर्ष 10 प्रतिभागियों को विशेष सम्मान और सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे.
MY Bharat ने लॉन्च किया National Flag of India Quiz 2026, 15 अगस्त तक मिलेगा भाग लेने का मौका
युवाओं को जोड़ने का प्रयास
इंदौर पुलिस का ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान युवाओं और विद्यार्थियों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशामुक्ति के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाने का प्रयास कर रहा है. अभियान का उद्देश्य स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाना है.


