बस्ती: भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यसमिति सदस्य एवं 307 विधानसभा हर्रैया के सामाजिक कार्यकर्ता चन्द्रमणि पाण्डेय ‘सुदामा’ ने उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त बबीता चौहान से शिष्टाचार भेंट कर जनपद बस्ती से जुड़े कई जनहित एवं लोकतांत्रिक अधिकारों से संबंधित मुद्दों पर विस्तृत ज्ञापन सौंपा.
हरिद्वार डबल मर्डर केस का खुलासा, मंदिर की गद्दी के विवाद में दो साधुओं की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
ज्ञापन में चन्द्रमणि पाण्डेय ने 10 जुलाई 2026 को हर्रैया में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान महिला जनप्रतिनिधियों और भाजपा महिला कार्यकर्ताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार, कार्यक्रम में प्रवेश से वंचित किए जाने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप लगाते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
उन्होंने जनपद बस्ती में कथित नियम विरुद्ध दोहरी टोल वसूली का मुद्दा भी उठाया. उनका कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्धारित दूरी के मानकों के विपरीत दो टोल प्लाजा संचालित होने से स्थानीय नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है. उन्होंने इस व्यवस्था को समाप्त कर लोगों को राहत देने की मांग की.
इसके अलावा ज्ञापन में मनोरमा, रामरेखा और कुआनो नदियों के संरक्षण, पुनर्जीवन, अतिक्रमण हटाने तथा प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना लागू करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया. पाण्डेय ने कहा कि ये नदियां क्षेत्र की सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत हैं, जिनका संरक्षण सरकार और समाज की साझा जिम्मेदारी है.
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान ने ज्ञापन प्राप्त करने के बाद कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने आश्वासन दिया कि ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं का परीक्षण कर संबंधित विभागों से आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी.
भेंट के बाद चन्द्रमणि पाण्डेय ने कहा कि उनका संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि जनता के अधिकारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और क्षेत्र के विकास के लिए है. उन्होंने कहा कि महिला सम्मान, लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा, दोहरी टोल वसूली समाप्त करने और नदियों के संरक्षण जैसे मुद्दों को आगे भी मजबूती से उठाया जाएगा तथा समस्याओं के समाधान तक लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में जनहित की लड़ाई जारी रहेगी. इस अवसर पर महेंद्र प्रताप सिंह, मुकेश पाण्डेय, वेद प्रकाश तिवारी, सुनील सिंह, राजीव पाण्डेय, दिनेश तिवारी, राहुल विश्वकर्मा सहित कई समर्थक उपस्थित रहे.


