Farrukhabad Link Expressway: उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी का नेटवर्क और मजबूत होने जा रहा है. आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे को लेकर मैनपुरी में तैयारियां तेज हो गई हैं. जिले में एक्सप्रेसवे के लिए 92 प्रतिशत से अधिक जमीन की खरीद पूरी हो चुकी है. अब नवीगंज के पास जीटी रोड पर एक बड़े इंटरचेंज के निर्माण का रास्ता भी साफ हो गया है.
गाजियाबाद वालों के लिए बड़ी राहत, एलिवेटेड रोड पर बनेगी नई स्लिप रोड; घटेगा जाम
नवीगंज के पास बनेगा इंटरचेंज
फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के लिए ग्राम पंचायत छबीलेपुर के चनेपुर गांव के पास इंटरचेंज बनाया जाएगा. इसके जरिए मैनपुरी और कन्नौज के छिबरामऊ क्षेत्र के लोगों को एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ने की सुविधा मिलेगी. एक्सप्रेसवे जीटी रोड को नवीगंज टोल प्लाजा और नगला देवी ओवरब्रिज के बीच क्रॉस करेगा. जीटी रोड से एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए अकबरपुर बिकू की जमीन पर संपर्क मार्ग बनाया जाएगा. एलाइनमेंट के अनुसार इस हिस्से में जमीन खरीद की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है.
120 मीटर चौड़ा होगा इंटरचेंज
इंटरचेंज के लिए करीब 120 मीटर वर्गाकार क्षेत्र में गोल चक्कर बनाया जाएगा. ग्रामसभा छबीलेपुर और अकबरपुर बिकू में इंटरचेंज और एप्रोच रोड के लिए जमीन चिह्नित की गई है. दोनों स्थानों पर एप्रोच रोड के साथ टोल बूथ भी बनाए जाएंगे. इससे वाहन चालक टोल का भुगतान कर सीधे लिंक एक्सप्रेसवे पर प्रवेश कर सकेंगे. नए एक्सप्रेसवे के तैयार होने के बाद मैनपुरी समेत आसपास के क्षेत्रों से बुंदेलखंड और रुहेलखंड की ओर आवागमन आसान और तेज होने की उम्मीद है.
UP में एक और नया शहर, यमुना प्राधिकरण ने शुरू की ‘न्यू हाथरस’ की प्लानिंग
92 फीसदी से ज्यादा जमीन खरीदी गई
प्रदेश में एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए यूपीडा ने फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे का प्रस्ताव तैयार किया है. मैनपुरी जिले में परियोजना के लिए अब तक 92 प्रतिशत से अधिक जमीन खरीदी जा चुकी है. अधिकारियों के मुताबिक शेष प्रक्रिया भी एलाइनमेंट और तय मानकों के अनुसार आगे बढ़ाई जा रही है. एसडीएम भोगांव मिथिलेश त्रिपाठी ने बताया कि यूपीडा से प्राप्त एलाइनमेंट के आधार पर जमीन की खरीद कराई गई है. इंटरचेंज कट का निर्माण विशेषज्ञों की देखरेख में कराया जाएगा.


