Kanpur Metro Corridor 2: कानपुर में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है. कॉरिडोर-2 (सीएसए-बर्रा-8) के 4.50 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड सेक्शन पर मेट्रो स्टेशनों का निर्माण अब अहम पड़ाव पर पहुंच गया है. इस सेक्शन के बर्रा-8 और शास्त्री चौक स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म लेवल की ढलाई पूरी कर ली गई है. इससे पहले जून में विजय नगर और बर्रा-7 स्टेशनों पर भी प्लेटफॉर्म लेवल का काम पूरा हो चुका था. इस तरह एलिवेटेड सेक्शन के कुल चार स्टेशनों पर यह काम पूरा हो गया है.
गुरुग्राम मेट्रो के तीन स्टेशनों पर जमीन का इंतजार, GMRL ने HSVP से मांगी 4200 वर्ग मीटर जमीन
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के जनसंपर्क अधिकारी पंचानन मिश्र के अनुसार, प्लेटफॉर्म लेवल का काम पूरा होने के बाद चारों एलिवेटेड स्टेशनों के कॉनकोर्स लेवल पर तकनीकी कक्षों का निर्माण शुरू कर दिया गया है. इन कक्षों में मेट्रो के सिग्नलिंग, टेलीकॉम और इलेक्ट्रिकल सिस्टम से जुड़े उपकरण लगाए जाएंगे. ये तकनीकी व्यवस्थाएं मेट्रो के सुरक्षित और सुचारु संचालन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं.
अब प्लेटफॉर्म की छत का काम होगा शुरू
तकनीकी कक्षों का निर्माण पूरा होने के बाद मेट्रो संचालन से जुड़ी विभिन्न तकनीकी प्रणालियों और उपकरणों की स्थापना का काम शुरू किया जाएगा. इसके साथ ही इन स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म की छत तैयार करने के लिए प्री-इंजीनियर्ड बिल्डिंग (पीईबी) स्ट्रक्चर के निर्माण की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी.
दो हिस्सों में बन रहा एलिवेटेड सेक्शन
कॉरिडोर-2 के एलिवेटेड सेक्शन का निर्माण दो हिस्सों में किया जा रहा है. पहला हिस्सा सीएसए से कॉरिडोर-2 डिपो रैंप तक और दूसरा डबल पुलिया रैंप से बर्रा-8 तक है. इस 4.50 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड सेक्शन पर कुल पांच स्टेशन बनाए जा रहे हैं. इनमें एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी, विजय नगर चौराहा, शास्त्री चौक, बर्रा-7 और बर्रा-8 स्टेशन शामिल हैं. कॉरिडोर-2 में एलिवेटेड सेक्शन के अलावा रावतपुर, काकादेव और डबल पुलिया स्टेशन भी बनाए जा रहे हैं. इस कॉरिडोर में करीब 4.10 किलोमीटर लंबा अंडरग्राउंड सेक्शन भी प्रस्तावित है.
कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक जल्द दौड़ सकती है मेट्रो
कानपुर में 23.50 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-1 (आईआईटी-नौबस्ता) के तहत फिलहाल आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक मेट्रो यात्री सेवाएं संचालित हो रही हैं. अब कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता के बीच बचे हुए हिस्से पर यात्री सेवाएं शुरू होने का इंतजार है. यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने इस सेक्शन पर जल्द यात्री सेवाएं शुरू होने की संभावना जताई है. वहीं, 8.60 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-2 (सीएसए-बर्रा-8) का सिविल निर्माण कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है. प्लेटफॉर्म, तकनीकी कक्ष और अन्य संरचनाओं का काम पूरा होने के साथ ही कानपुर के मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की तस्वीर अब तेजी से बदलती नजर आ रही है.


