Varanasi Township: काशी के शहरी विस्तार को नई रफ्तार देने के लिए वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) कल्लीपुर में एक बड़ी आवासीय परियोजना विकसित करने जा रहा है. करीब 250 एकड़ क्षेत्र में ‘आनंद काशी’ आवासीय टाउनशिप विकसित की जाएगी. इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस एकीकृत गेटेड हाईटेक टाउनशिप के रूप में तैयार करने की योजना है. टाउनशिप में बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए 24, 18, 12 और 9 मीटर चौड़ी चार तरह की सड़कें बनाई जाएंगी. इसके अलावा आवासीय प्लॉट, ग्रुप हाउसिंग, स्कूल, स्वास्थ्य सुविधाएं, व्यावसायिक क्षेत्र, पार्क और मियावाकी वन जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी.
कानपुर मेट्रो का बड़ा अपडेट, बर्रा-8 तक बढ़ेगी सेवा, स्टेशनों पर तेजी से चल रहा काम
150 एकड़ में शुरू होगा पहला चरण, 1110 करोड़ रुपये होगी लागत
आनंद काशी टाउनशिप परियोजना का पहला चरण करीब 150 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा. इस चरण पर लगभग 1110 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. पहले चरण में करीब 1004 आवासीय प्लॉट प्रस्तावित किए गए हैं. इसके अलावा ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं के साथ व्यावसायिक गतिविधियों, शैक्षणिक संस्थानों और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए भी अलग-अलग भूमि निर्धारित की गई है.
चौड़ी सड़कें घटाएंगी ट्रैफिक का दबाव
टाउनशिप में सड़क नेटवर्क को विशेष रूप से बेहतर बनाने की योजना तैयार की गई है. 24, 18, 12 और 9 मीटर चौड़ी सड़कों के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों को आपस में जोड़ा जाएगा. अधिकारियों के अनुसार, चौड़ी सड़कों से वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और भविष्य में बढ़ने वाले ट्रैफिक को संभालने में मदद मिलेगी. अधिक लेन होने से जाम की समस्या कम होने के साथ लोगों के समय और ईंधन की भी बचत हो सकती है.
पानी से लेकर सीवरेज तक आधुनिक सुविधाएं
आनंद काशी टाउनशिप में आधुनिक शहरी बुनियादी ढांचे का विकास किया जाएगा. यहां जलापूर्ति, सीवरेज, बिजली आपूर्ति, वर्षा जल निकासी और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी. टाउनशिप को इस तरह विकसित करने की योजना है कि लोगों को आवास के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी कई सुविधाएं एक ही परिसर और आसपास उपलब्ध हो सकें.
2 हेक्टेयर में पार्क, नटराज प्रतिमा और फव्वारे
परियोजना में हरित क्षेत्र और मनोरंजन सुविधाओं को भी अहम स्थान दिया गया है. करीब दो हेक्टेयर क्षेत्र में पार्क विकसित किया जाएगा. पार्क में नटराज की प्रतिमा और फव्वारे लगाए जाने की योजना है. इसके अलावा टाउनशिप में पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए चार प्रमुख पैदल प्रवेश द्वार भी प्रस्तावित हैं.
3.17 एकड़ में बनेगा मियावाकी वन
पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए आनंद काशी टाउनशिप में करीब 3.17 एकड़ क्षेत्र में मियावाकी वन विकसित किया जाएगा. इससे परियोजना के भीतर हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ पर्यावरण को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.
गुरुग्राम मेट्रो के तीन स्टेशनों पर जमीन का इंतजार, GMRL ने HSVP से मांगी 4200 वर्ग मीटर जमीन
VDA उपाध्यक्ष बोले- हर तरह की सुविधाएं होंगी उपलब्ध
वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा के अनुसार, कल्लीपुर में विकसित होने वाली आनंद काशी टाउनशिप में आधुनिक जीवनशैली से जुड़ी सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है. इसे वाराणसी की पहली एकीकृत गेटेड हाईटेक टाउनशिप के रूप में विकसित करने की तैयारी है. 250 एकड़ में प्रस्तावित इस बड़ी परियोजना के पूरा होने के बाद कल्लीपुर क्षेत्र के शहरी विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है. चौड़ी सड़कों, आधुनिक सुविधाओं, पार्क, मियावाकी वन और आवासीय-वाणिज्यिक सुविधाओं के साथ ‘आनंद काशी’ वाराणसी के नए हाईटेक रिहायशी केंद्र के रूप में उभर सकती है.


