Greater Noida Logistics Park: ग्रेटर नोएडा के तिलपता में करीब 174 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. परियोजना के लिए पांच कंपनियों ने आवेदन किया था, जिनमें से तकनीकी मूल्यांकन के बाद तीन कंपनियां पात्र पाई गई हैं. अब इन तीन कंपनियों के बीच 3 सितंबर को ई-नीलामी होगी. ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 28 मार्च से ग्लोबल टेंडर प्रक्रिया शुरू की थी. आवेदन की अंतिम तिथि 16 जुलाई तक पांच कंपनियों ने बिड के लिए आवेदन किया था. तकनीकी आकलन के बाद दो कंपनियों को अयोग्य घोषित कर दिया गया.
800 करोड़ की जमीन के लिए होगी बोली, 1000 करोड़ का निवेश अनिवार्य
अब तकनीकी मूल्यांकन में सफल रही तीन कंपनियां पहले चरण में करीब 800 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन के लिए बोली लगाएंगी. परियोजना की शर्तों के अनुसार चयनित कंपनी को मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क के विकास में न्यूनतम 1000 करोड़ रुपये का निवेश करना अनिवार्य होगा.
रेल, सड़क और वेयरहाउसिंग से लैस होगा पार्क
अधिकारियों के अनुसार तिलपता में बनने वाला मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा. यहां रेल, सड़क कनेक्टिविटी और वेयरहाउसिंग की सुविधाएं विकसित की जाएंगी. इससे माल ढुलाई की लागत कम होने के साथ औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है. इस परियोजना से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की भी संभावना है.
जन्माष्टमी पर बच्चों की फोटो को दें कृष्ण लुक, AI में ये Prompt डालते ही बदल जाएगा पूरा अंदाज
दो बड़े लॉजिस्टिक प्रोजेक्ट बदलेंगे ग्रेटर नोएडा की तस्वीर
इससे पहले बोड़ाकी में प्रस्तावित मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक हब के लिए भी कंपनियां मिल चुकी हैं. ऐसे में अब ग्रेटर नोएडा के दोनों बड़े लॉजिस्टिक प्रोजेक्टों पर जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है. प्राधिकरण का मानना है कि तिलपता और बोड़ाकी के इन दोनों महत्वाकांक्षी प्रोजेक्टों के पूरा होने के बाद ग्रेटर नोएडा देश के प्रमुख लॉजिस्टिक और औद्योगिक केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बना सकता है.


