नई दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली में रोजाना जाम से जूझने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है. मां आनंदमयी मार्ग से महरौली-बदरपुर रोड (MB Road) तक छह लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने की तैयारी तेज हो गई है. परियोजना को दो चरणों में यूटीपैक की मंजूरी मिल चुकी है और अब उपराज्यपाल की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में अंतिम मंजूरी मिलने की उम्मीद है.
इस परियोजना के पूरा होने के बाद मां आनंदमयी मार्ग का करीब 5.5 किलोमीटर लंबा हिस्सा सिग्नल फ्री हो जाएगा. इस स्ट्रेच पर मौजूद 12 लालबत्तियों को बंद करने की योजना है. इससे दक्षिणी दिल्ली के प्रमुख इलाकों में यातायात की रफ्तार बढ़ेगी और लोगों को बार-बार सिग्नल पर रुकने से राहत मिलेगी.
क्राउन प्लाजा के पास बनेगा 400 मीटर का अंडरपास
परियोजना के तहत ओखला एस्टेट मार्ग और मां आनंदमयी मार्ग के क्रॉसिंग पर क्राउन प्लाजा के पास करीब 400 मीटर लंबा अंडरपास बनाया जाएगा. इसका उद्देश्य इस प्रमुख जंक्शन पर वाहनों के दबाव को कम करना और ट्रैफिक को बिना रुकावट आगे बढ़ाना है.
लोक निर्माण विभाग (PWD) ने परियोजना को जमीन पर उतारने के लिए प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी हैं. निर्माण की राह में आने वाले 100 से अधिक पेड़ों को लेकर वन विभाग के साथ भी बातचीत की जा रही है.
कालकाजी से लालकुआं तक अहम कनेक्टिविटी
मां आनंदमयी मार्ग बाहरी रिंग रोड पर कालकाजी मंदिर के पास से शुरू होकर लालकुआं के नजदीक महरौली-बदरपुर रोड से जुड़ता है. दक्षिणी दिल्ली के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है और रोजाना बड़ी संख्या में वाहन इसका इस्तेमाल करते हैं. पीडब्ल्यूडी के सर्वे में सामने आया कि सड़क पर खराब डिजाइन, कई ट्रैफिक सिग्नल और पैदल यात्रियों के लिए पर्याप्त क्रॉसिंग नहीं होने के कारण यातायात प्रभावित होता है. एलिवेटेड कॉरिडोर और अन्य सुधारों के जरिए इन समस्याओं को दूर करने की योजना है.
दो जगह बनेंगे यू-टर्न
यातायात को सुचारु बनाने के लिए गोविंदपुरी मेट्रो स्टेशन और ओखला स्थित अस्पताल के पास यू-टर्न बनाने की भी योजना है. इससे ओखला, गोविंदपुरी, कालकाजी एक्सटेंशन और तुगलकाबाद की तरफ आने-जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्ता मिलेगा और मुख्य मार्ग पर जाम का दबाव कम होगा.
नोएडा और एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी होगी बेहतर
एलिवेटेड कॉरिडोर बनने से दक्षिणी दिल्ली के लोगों को नोएडा, बदरपुर और आईजीआई एयरपोर्ट की ओर आने-जाने में भी सहूलियत मिलने की उम्मीद है. परियोजना में पैदल यात्रियों के लिए बेहतर फुटपाथ और साइकिल लेन विकसित करने की भी योजना है. अगर प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी मिल जाती है, तो मां आनंदमयी मार्ग पर यह परियोजना दक्षिणी दिल्ली के ट्रैफिक सिस्टम में बड़ा बदलाव ला सकती है. 12 सिग्नल हटने और 5.5 किलोमीटर का हिस्सा सिग्नल फ्री होने से रोजाना सफर करने वाले लोगों का समय बचने की उम्मीद है.


