Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा शहर के विकास और रखरखाव को रफ्तार देने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने 25 महत्वपूर्ण परियोजनाओं को हरी झंडी दे दी है. इन कार्यों पर कुल करीब 31.92 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. परियोजनाओं के लिए इच्छुक निर्माण एजेंसियों से 18 सितंबर तक आवेदन मांगे गए हैं. इसके बाद 21 सितंबर को प्री-क्वालिफिकेशन बैठक होगी और प्रक्रिया पूरी होने पर काम शुरू कराया जाएगा. ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के मुताबिक, शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है. इन परियोजनाओं में सड़क, नाली, बिजली, स्ट्रीट लाइट, हरित क्षेत्र और स्वच्छता से जुड़े काम शामिल हैं.
दिल्ली को मिलेगा नया सिग्नल फ्री कॉरिडोर, मां आनंदमयी मार्ग पर 12 सिग्नल हटेंगे; जाम से मिलेगी राहत
8 निर्माण परियोजनाओं पर होगा काम
निर्माण से जुड़ी आठ परियोजनाओं को मंजूरी मिली है. इनमें सेक्टर-3 में बाउंड्रीवॉल के निर्माण और मरम्मत पर करीब 80.61 लाख रुपये खर्च होंगे. सेक्टर पी-3 में ओपन जिम, बच्चों के उपकरण और हट निर्माण के लिए 94.76 लाख रुपये का बजट रखा गया है. सेक्टर पी-3 बिल्डर्स एरिया में 24 मीटर चौड़ी सड़क के दोनों तरफ ग्रास पेवर ब्लॉक लगाने पर एक करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे. सेक्टर-1 और केपी-5 में 80 मीटर सड़क तथा सेक्टर-1 की ग्रीन बेल्ट में प्री-स्ट्रेस्ड हॉलो आरसीसी नाली के निर्माण पर करीब 1.57 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके अलावा ईकोटेक-6 की 60 मीटर सड़क पर आरसीसी ड्रेन को कवर करने, सेक्टर-3 की आंतरिक सड़कों की रिसर्फेसिंग और दनकौर-सिकंदराबाद रोड से दनकौर गांव तक सड़क की रिसर्फेसिंग के काम भी होंगे.
तीन साल तक सड़कों और नालियों का रखरखाव
वार्षिक अनुरक्षण के तहत एसके रोड पर एलजी गोलचक्कर से सेक्टर स्वर्ण नगरी तक तीन साल तक नाली सफाई, पटरी दुरुस्ती और पेंटिंग का काम कराया जाएगा. इस पर करीब 1.59 करोड़ रुपये खर्च होंगे. सेक्टर-12 में तीन साल तक नाली सफाई व्यवस्था के लिए 1.64 करोड़ और सेक्टर अल्फा-1 में नाली सफाई, रंगाई-पुताई, पटरी ड्रेसिंग और जंगल की सफाई पर करीब 1.61 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
स्ट्रीट लाइट और बिजली व्यवस्था भी होगी मजबूत
प्राधिकरण ने विद्युत व्यवस्था से जुड़े कई कार्यों को भी मंजूरी दी है. मलकपुर प्राथमिक विद्यालय में आंतरिक विद्युत कार्य और बोडाकी व पाली अंडरपास में एलईडी लाइट लगाने पर 17.05 लाख रुपये खर्च होंगे. जलपुरा स्थित 220 केवी सब स्टेशन के सामने 45 मीटर रोड पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 26.35 लाख रुपये रखे गए हैं. वहीं पल्ला गांव की छह प्रतिशत आबादी में विद्युतीकरण पर करीब 1.08 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. पहले से लगी एलईडी स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट के तीन साल तक संचालन व रखरखाव के लिए करीब 1.06 करोड़ रुपये खर्च होंगे. विभिन्न गांवों में एलईडी हाईमास्ट लगाने के लिए 1.75 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.
पार्क और ग्रीन बेल्ट भी होंगे बेहतर
उद्यान और स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी छह परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है. इनमें ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय में वर्टिकल गार्डन, विभिन्न सड़कों के सेंट्रल वर्ज और ग्रीन बेल्ट के रखरखाव तथा पार्कों के सौंदर्यीकरण के काम शामिल हैं. तिलपता रोटरी से सिरसा रोटरी और तिराहे तक सेंट्रल वर्ज पर पौधों की कटाई-पेंटिंग, बादलपुर व दादरी बाईपास की ग्रीन बेल्ट और पार्कों का रखरखाव, आईटीबीपी गोलचक्कर से होली पब्लिक स्कूल तक ग्रीन बेल्ट का रखरखाव और सेक्टर जीटा रोटरी से डीएससी रोड तक 75 मीटर चौड़ी हरित पट्टी के रखरखाव पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके अलावा शहर में कुत्तों को खाना खिलाने के लिए निर्धारित स्थान विकसित करने की परियोजना भी शामिल है.
18 सितंबर तक आवेदन, 21 को प्री-क्वालिफिकेशन
प्राधिकरण ने सभी परियोजनाओं के लिए इच्छुक एजेंसियों से 18 सितंबर तक आवेदन मांगे हैं. 21 सितंबर को प्री-क्वालिफिकेशन बैठक के बाद पात्र एजेंसियों को कार्य आवंटित किए जाएंगे. इसके बाद अलग-अलग परियोजनाओं पर निर्माण और रखरखाव का काम शुरू कराया जाएगा. इन 25 परियोजनाओं के जरिए ग्रेटर नोएडा में सड़क, बिजली, जल निकासी, हरियाली और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया है.


