लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अपना प्लॉट खरीदने का इंतजार अब खत्म होने वाला है.लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की दो नई आवासीय योजनाओं नैमिष नगर और वरुण विहार का शुभारंभ अगले सप्ताह गणेश चतुर्थी के अवसर पर किया जाएगा.मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोनों योजनाओं का शिलान्यास करेंगे.इसी के साथ करीब 6000 भूखंडों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया भी शुरू होने की उम्मीद है.
एलडीए ने दोनों योजनाओं के शुभारंभ के लिए मुख्यमंत्री से समय मांगा था.इसके बाद गणेश चतुर्थी के मौके पर कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति बनी है.संभावना है कि 13 या 14 सितंबर को मुख्यमंत्री दोनों महत्वाकांक्षी योजनाओं का औपचारिक शुभारंभ करेंगे.
यह भी पढ़ें- बच्चों में बढ़ती मोबाइल की लत को कैसे छुड़ाएं? अपनाएं 5 पैरेंटिंग हैक्स, धीरे-धीरे बदलेगा बच्चे का स्क्रीन टाइम
एक साथ 6000 प्लॉट की खुलेगी बुकिंग
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार, दोनों योजनाओं में करीब 6000 भूखंडों की बुकिंग एक साथ खोली जाएगी.गणेश चतुर्थी के दिन से ही ऑनलाइन पंजीकरण शुरू किए जाने की तैयारी है.इन योजनाओं में अलग-अलग जरूरतों और आय वर्ग के लोगों के लिए 72 वर्गमीटर से लेकर 450 वर्गमीटर तक के प्लॉट उपलब्ध होंगे.
कहां विकसित हो रही हैं योजनाएं?
वरुण विहार योजना आगरा एक्सप्रेसवे के पास करीब 6,580 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही है.वहीं नैमिष नगर योजना सीतापुर रोड पर लगभग 3,600 एकड़ क्षेत्र में विकसित होगी.दोनों योजनाओं को लखनऊ के बढ़ते शहरी क्षेत्र और भविष्य की आवासीय जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है.भूखंड 18 मीटर से लेकर 45 मीटर चौड़ी सड़कों पर होंगे.इससे बेहतर कनेक्टिविटी के साथ सुनियोजित आवासीय विकास की सुविधा मिलने की उम्मीद है.
21-22 लाख रुपये से शुरू होगी कीमत
एलडीए ने दोनों योजनाओं में भूखंडों की दरें भी तय कर दी हैं.वरुण विहार में करीब 2,800 रुपये प्रति वर्गफुट, जबकि नैमिष नगर में करीब 3,200 रुपये प्रति वर्गफुट की दर रखी गई है.इस हिसाब से सबसे छोटे प्लॉट की शुरुआती कीमत करीब 21 से 22 लाख रुपये के आसपास होगी.प्लॉट के आकार और लोकेशन के अनुसार कीमत बढ़ती जाएगी.
यह भी पढ़ें- अयोध्या में सीएम योगी की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बड़ी सौगात, मानदेय 12 हजार हुआ; सहायिकाओं को 6 हजार
सई नदी पर बनेगा दो लेन का पुल
इसी बीच लखनऊ में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए सई नदी पर एक नए पुल के निर्माण को भी शासन स्तर से सहमति मिल गई है.हरौनी और भटगवां पाण्डेय के बीच हुलासखेड़ा के सामने सई नदी पर करीब 19.94 करोड़ रुपये की लागत से दो लेन का पुल प्रस्तावित है.इस पुल की कुल लंबाई 1571.23 मीटर होगी, जबकि सई नदी के ऊपर मुख्य पुल की लंबाई करीब 90 मीटर प्रस्तावित है.क्षेत्रीय विधायक राजेश्वर सिंह ने इसके निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा था.शासन के निर्देश पर सेतु निगम ने इसका खाका तैयार कर अनुमोदन के लिए भेजा था.बताया जा रहा है कि एक-दो महीने में वित्तीय स्वीकृति मिलने की उम्मीद है.पुल बनने के बाद आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था और कनेक्टिविटी बेहतर होने की संभावना है.


