Anand Kashi Housing Scheme: वाराणसी में अपना घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है. वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) ने कल्लीपुर में विकसित की जा रही आनंद काशी आवासीय योजना (प्रथम चरण) को लेकर नागरिकों की सुविधा के लिए आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिए हैं. योजना के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें- Rampur Circle Rate: रामपुर में मकान-दुकान और प्लॉट खरीदना होगा महंगा, 20% तक बढ़ सकते हैं सर्किल रेट
रेरा पंजीकरण अंतिम चरण में
वीडीए के मुताबिक, आनंद काशी आवासीय योजना के रेरा पंजीकरण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है. जरूरी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं. इसके बाद योजना के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है. योजना से जुड़ी जानकारी के लिए अब इच्छुक लोग वीडीए की हेल्पलाइन पर फोन कर सकते हैं. हालांकि, पंजीकरण शुरू होने की आधिकारिक सूचना वीडीए की ओर से ही जारी की जाएगी.
काशी की पहली गेटेड सिटी के रूप में विकसित करने की तैयारी
कल्लीपुर क्षेत्र में विकसित की जा रही इस परियोजना को काशी की पहली गेटेड सिटी के रूप में विकसित करने की योजना है. परियोजना में आधुनिक सुविधाओं के साथ सुरक्षित और व्यवस्थित आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है. आनंद काशी आवासीय योजना को काशी की समृद्ध सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और स्थापत्य विरासत से प्रेरित बताया गया है. यहां आधुनिक जीवनशैली के अनुरूप सुविधाएं विकसित करने की योजना है.
क्या-क्या सुविधाएं होंगी?
योजना में लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई सुविधाओं का प्रावधान किया गया है. इसमें सुनियोजित सड़क नेटवर्क, आवासीय भूखंड, हरित क्षेत्र और पार्क, वाणिज्यिक क्षेत्र, आवश्यक नागरिक सुविधाएं, सुरक्षित और व्यवस्थित आवासीय वातावरण शामिल हैं. वीडीए का उद्देश्य काशी की विरासत और आधुनिक सुविधाओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करते हुए लोगों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय परिवेश उपलब्ध कराना है.
एजेंटों से सावधान, सिर्फ अधिकृत जानकारी पर करें भरोसा
वीडीए ने नागरिकों से अपील की है कि योजना से जुड़ी जानकारी केवल प्राधिकरण के अधिकृत माध्यमों से ही प्राप्त करें. किसी अनधिकृत व्यक्ति, एजेंट या अन्य स्रोत से मिली जानकारी के आधार पर कोई निर्णय न लें. प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि योजना का पंजीकरण शुरू होने की आधिकारिक सूचना वीडीए की ओर से ही जारी की जाएगी.
ये हैं हेल्पलाइन नंबर
आनंद काशी आवासीय योजना से जुड़ी जानकारी के लिए नागरिक इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं.
दूरभाष: 0542-2823305
मोबाइल: 8189057341
हेल्पलाइन का समय: सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक
यह भी पढ़ें- E-Commerce Rules 2026: सरकार ने बदले नियम, Search Results से Dark Patterns तक सख्त होंगे प्रावधान
ऐसे में अगर आप भी काशी में अपना घर बनाने की योजना बना रहे हैं तो योजना की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करें और किसी भी तरह के फर्जी दावे या अनधिकृत बुकिंग से बचें.


