मथुरा: मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन के विकास और सुंदरीकरण की कड़ी में यात्रियों को जल्द एक नया आकर्षण देखने को मिलेगा. स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार को हेरिटेज स्वरूप में विकसित करने की योजना तैयार की गई है.
इस योजना के तहत द्वितीय प्रवेश द्वार पर कोयले का इंजन स्थापित किया जाएगा. यह इंजन स्टेशन आने वाले यात्रियों और पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बनेगा. यहां यात्री सेल्फी भी ले सकेंगे.
यह भी पढ़ें- विश्वकर्मा पूजा 2026 पर स्कूल-कॉलेज की छुट्टी: 17 सितंबर को कहां बंद रहेंगे शिक्षण संस्थान?
इंजन के लिए बनेगा खास प्लेटफार्म
प्रोजेक्ट के तहत कोयले के इंजन को प्रदर्शित करने के लिए एक विशेष प्लेटफार्म का निर्माण किया जाएगा. इस स्थल को इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि यात्री कैमरे और मोबाइल फोन से इस खूबसूरत दृश्य को आसानी से कैद कर सकें.
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि यह स्थान स्टेशन पर आने वाले लोगों के लिए पसंदीदा सेल्फी प्वाइंट बन सकता है.
रात में रोशनी से बढ़ेगी खूबसूरती
इस हेरिटेज स्थल को रात के समय भी आकर्षक बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं. कोयले के इंजन और उसके आसपास बने पूरे प्लेटफार्म पर बिजली की सजावट की जाएगी.
इससे स्टेशन के सुंदरीकरण के साथ-साथ पुरानी रेलवे तकनीकी विरासत को भी प्रदर्शित किया जा सकेगा. इसके जरिए नई पीढ़ी को रेलवे की पुरानी तकनीक और विरासत से रूबरू कराने की कोशिश की जाएगी.
यह भी पढ़ें- ISRO Recruitment 2026: 10वीं पास से डिप्लोमा वालों तक के लिए मौका, इसरो में निकली भर्ती; 69 हजार तक सैलरी
जल्द शुरू होगा प्रोजेक्ट पर काम
इस प्रोजेक्ट पर जल्द ही काम शुरू होने की बात कही गई है. पीआरओ संजय कुमार गौतम ने बताया कि मथुरा जंक्शन के द्वितीय प्रवेश द्वार पर कोयले का इंजन लगाने की योजना तैयार की गई है.


