Greater Noida News: उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में योगी सरकार ने एक और बड़ी पहल की है. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में प्रस्तावित ‘सिंगापुर सिटी’ को लेकर निवेशकों ने सहमति जताई है. मंगलवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान सिंगापुर के निवेशकों के प्रतिनिधिमंडल ने इस परियोजना में रुचि दिखाई. इस प्रोजेक्ट के जरिए सिंगापुर की कंपनियों को उत्तर प्रदेश में निवेश के नए अवसर मिलेंगे.
यीडा के सेक्टर-6A में विकसित होगी सिंगापुर सिटी
लखनऊ में हुई बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना और औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ भी मौजूद रहे. इस दौरान सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के नेतृत्व में आए 14 सदस्यीय उच्चस्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा हुई.
बैठक में यमुना सिटी के सेक्टर-6A में प्रस्तावित सिंगापुर सिटी और एक डेडिकेटेड हाईटेक इंडस्ट्रियल टाउनशिप विकसित करने पर सहमति बनी. इसका उद्देश्य सिंगापुर की कंपनियों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आकर्षित करना और दोनों देशों के बीच औद्योगिक एवं कारोबारी सहयोग को मजबूत करना है.
खाद्य प्रसंस्करण से सेमीकंडक्टर तक निवेश की तैयारी
सिंगापुर के निवेशकों ने यीडा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सेक्टरों में निवेश की संभावनाएं जताई हैं. इनमें मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स, हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, क्लाउड सेवाएं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सौर ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन और वाटर रीसाइक्लिंग जैसे क्षेत्र शामिल हैं.
इसके अलावा खाद्य प्रसंस्करण और अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में भी निवेश की तैयारी है. इससे यमुना सिटी में आधुनिक औद्योगिक इकाइयों और तकनीक आधारित कारोबार को बढ़ावा मिल सकता है.
दो कंपनियों के साथ हुआ समझौता
इस बैठक के दौरान दो कंपनियों के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए. इनमें कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की कंपनी एग्रीकॉर्प इंटरनेशनल और अपशिष्ट प्रबंधन क्षेत्र की कंपनी ब्लू प्लेनेट एनवायरनमेंटल सॉल्यूशंस शामिल हैं. इन समझौतों से यीडा क्षेत्र में खाद्य प्रसंस्करण और पर्यावरण प्रबंधन से जुड़ी परियोजनाओं के विकास का रास्ता खुल सकता है.
सिंगापुर दौरे में भी हुई थी 60 हजार करोड़ के निवेश पर चर्चा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की 2026 की शुरुआत में हुई सिंगापुर यात्रा के दौरान भी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नजदीक सिंगापुर सिटी और हाईटेक इंडस्ट्रियल टाउनशिप विकसित करने पर चर्चा हुई थी. उस यात्रा के दौरान करीब 60,000 करोड़ रुपये के निवेश समझौतों पर सहमति बनी थी. मंगलवार की बैठक को उसी निवेश पहल को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. प्रतिनिधिमंडल में सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के चेयरमैन मार्क ली, एसबीएफ-इंडिया बिजनेस कमेटी के चेयरमैन प्रसून मुखर्जी, सीईओ कोक पिंग सून और आईएचसीएल के एमडी एवं सीईओ पुनीत छतवाल समेत कई प्रमुख प्रतिनिधि मौजूद रहे.
नोएडा एयरपोर्ट के पास सिंगापुर सिटी विकसित होने से यमुना सिटी में अंतरराष्ट्रीय निवेश, आधुनिक उद्योगों और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- ₹500 के अंदर ये 10 दिवाली Gifts, हर किसी के लिए कुछ खास
यह भी पढ़ें- यूपी में बनेगा 1,947 करोड़ का टेक्सटाइल पार्क, एक लाख युवाओं को रोजगार की उम्मीद, संडीला के कारोबारियों को भी फायदा


