Vande Bharat Sleeper Train: उत्तर प्रदेश के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. अब वाराणसी से नई दिल्ली तक का सफर और आरामदायक होने जा रहा है. देश की दूसरी और यूपी की पहली स्लीपर वंदेभारत एक्सप्रेस शुरू होने जा रही है. 31 अक्टूबर को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी से इस हाईटेक ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. खास बात यह है कि इस ट्रेन में यात्री रातभर आराम से सोते हुए दिल्ली पहुंच सकेंगे. प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़ और गाजियाबाद के यात्रियों को भी इसका सीधा फायदा मिलेगा.
वाराणसी से दिल्ली के बीच दौड़ेगी स्लीपर वंदेभारत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से देश की दूसरी स्लीपर वंदेभारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू होने जा रहा है. पहले दिन ट्रेन बनारस स्टेशन से रवाना होगी. इसके बाद इसका नियमित संचालन वाराणसी जंक्शन से किया जाएगा.
वाराणसी और दिल्ली के बीच पहले से दो वंदेभारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं. अब स्लीपर वंदेभारत शुरू होने से लंबी दूरी की रात की यात्रा करने वाले यात्रियों को नई सुविधा मिलेगी.
ट्रेन में मिलेंगी कई आधुनिक सुविधाएं
इस स्लीपर वंदेभारत को यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इसमें कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं.
- दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सीटों की व्यवस्था
- अत्याधुनिक वॉश बेसिन
- विश्वस्तरीय HL-3 फायर सेफ्टी सिस्टम
- सुरक्षा के लिए कवच सिस्टम
- फर्स्ट क्लास कोच में गर्म पानी के शावर
- छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाली महिलाओं के लिए टॉयलेट में बेबी सीटर की सुविधा
बेबी सीटर की सुविधा खास तौर पर महिलाओं के लिए उपयोगी होगी. टॉयलेट इस्तेमाल करते समय वे अपने छोटे बच्चों को सुरक्षित तरीके से इसमें बैठा सकेंगी.
वाराणसी से दिल्ली तक इन 4 स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
वाराणसी-नई दिल्ली स्लीपर वंदेभारत सप्ताह में छह दिन चलेगी. वाराणसी से शुक्रवार और नई दिल्ली से शनिवार को इसका संचालन नहीं होगा. इस ट्रेन का ठहराव प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़ और गाजियाबाद में होगा.
वाराणसी से नई दिल्ली का पूरा टाइम टेबल
वाराणसी- रात 8:50 बजे प्रस्थान
प्रयागराज- रात 10:35 बजे
कानपुर- रात 12:40 बजे
अलीगढ़- सुबह 3:55 बजे
गाजियाबाद- सुबह 5:25 बजे
नई दिल्ली- सुबह 6:10 बजे
नई दिल्ली से वाराणसी का टाइम टेबल
नई दिल्ली- रात 9:40 बजे प्रस्थान
गाजियाबाद- रात 10:13 बजे
अलीगढ़- रात 11:20 बजे
कानपुर- रात 2:45 बजे
प्रयागराज- सुबह 5:05 बजे
वाराणसी- सुबह 7:10 बजे
वाराणसी को तीन और ट्रेनों की सौगात
स्लीपर वंदेभारत के अलावा वाराणसी के रेल यात्रियों को तीन अन्य ट्रेनों की सुविधा भी मिलने जा रही है. इनमें वाराणसी-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस और दो नई मेमू ट्रेनें शामिल हैं.
वाराणसी-अहमदाबाद नई सुपरफास्ट ट्रेन
वाराणसी जंक्शन और साबरमती के बीच नई दैनिक एक्सप्रेस सेवा शुरू हो रही है. उद्घाटन स्पेशल ट्रेन 30 अक्टूबर को साबरमती से रवाना होगी और 31 अक्टूबर को वाराणसी पहुंचेगी.
नियमित संचालन के लिए प्रस्तावित समय
- वाराणसी से प्रस्थान: शाम 5:30 बजे
- साबरमती पहुंचने का समय: अगले दिन रात 8:15 बजे
- साबरमती से वापसी: सुबह 5:20 बजे
- वाराणसी पहुंचने का समय: अगले दिन सुबह 6:30 बजे
इस ट्रेन से गुजरात और राजस्थान की यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी.
बनारस-प्रयागराज रामबाग मेमू
इस रूट पर नई रैक वाली मेमू ट्रेन शुरू की जाएगी. इसके कोचों में CCTV कैमरे और पैनिक बटन लगाए गए हैं.
वाराणसी सिटी-राजातालाब मेमू
इस ट्रेन में भी आधुनिक सुरक्षा सुविधाएं और बायो-टॉयलेट दिए गए हैं. इससे यात्रियों की सुरक्षा और स्वच्छता को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.
छपरा से आनंद विहार के लिए फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन
त्योहारी सीजन में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए छपरा से आनंद विहार टर्मिनल के बीच फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी. यह ट्रेन वाराणसी कैंट स्टेशन से होकर गुजरेगी.
- संचालन अवधि: 3 से 17 नवंबर
- दिन: मंगलवार और शुक्रवार
- छपरा से प्रस्थान: रात 10:10 बजे
- वाराणसी कैंट आगमन: सुबह 3:35 बजे
- आनंद विहार आगमन: अगले दिन शाम 5:20 बजे
वापसी में आनंद विहार से ट्रेन रात 12:20 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 1:15 बजे वाराणसी कैंट पहुंचेगी. वाराणसी से दिल्ली के बीच स्लीपर वंदेभारत की शुरुआत और नई रेल सेवाओं से पूर्वांचल के यात्रियों को कनेक्टिविटी का बड़ा फायदा मिलने वाला है. खासकर रात में लंबी दूरी का सफर करने वालों के लिए स्लीपर वंदेभारत नई सुविधा लेकर आ रही है.
यह भी पढ़ें- GeM ने घटाया ट्रांजैक्शन शुल्क, MSME को सरकारी ऑर्डर पर मिलेगी बड़ी राहत


