Delhi Metro Update: दिल्ली में मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए दो बड़ी खबरें हैं. एक तरफ दिल्ली मेट्रो के फेज-4 के दो महत्वपूर्ण कॉरिडोर का निर्माण तय समय पर पूरा नहीं हो पाएगा. गोल्डन लाइन और मजेंटा लाइन एक्सटेंशन के लिए अब यात्रियों को अगले साल तक इंतजार करना पड़ सकता है. वहीं, शुक्रवार को दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है. आज रात मेट्रो सेवाएं 12 बजे तक उपलब्ध रहेंगी.
दिल्ली मेट्रो के दो कॉरिडोर के लिए बढ़ा इंतजार
दिल्ली मेट्रो के फेज-4 के तहत निर्माणाधीन दो प्रमुख कॉरिडोर का काम इस साल पूरा होने की उम्मीद थी, लेकिन अब इनके लिए समयसीमा आगे बढ़ती नजर आ रही है. इनमें गोल्डन लाइन (तुगलकाबाद-एरोसिटी) और मजेंटा लाइन एक्सटेंशन (जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम) शामिल हैं.
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) की निर्माण परियोजनाओं की स्टेटस रिपोर्ट के मुताबिक, मजेंटा लाइन एक्सटेंशन का 87.62 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. करीब 12 प्रतिशत काम अभी बाकी है. ऐसे में उम्मीद है कि यह कॉरिडोर अगले साल के मध्य तक तैयार हो जाएगा.
गोल्डन लाइन का काम सबसे ज्यादा प्रभावित
गोल्डन लाइन यानी तुगलकाबाद-एरोसिटी कॉरिडोर के निर्माण में सबसे अधिक देरी हुई है. रिपोर्ट के अनुसार, इस कॉरिडोर का अब तक 79.54 प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया है. करीब 20 प्रतिशत निर्माण कार्य अभी बाकी है.
इसके निर्माण में पहले कोरोना महामारी और बाद में खानपुर के पास जमीन अधिग्रहण में देरी बड़ी वजह बनी. अब इस कॉरिडोर के अगले साल के अंत तक पूरा होने की संभावना जताई जा रही है.
हालांकि, तुगलकाबाद से संगम विहार तक का हिस्सा काफी हद तक तैयार हो चुका है. इस हिस्से पर जल्द मेट्रो परिचालन शुरू होने की उम्मीद है.
मजेंटा लाइन के 11.734 KM हिस्से पर शुरू हो चुकी है मेट्रो
29.262 किलोमीटर लंबे जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम कॉरिडोर का 87.62 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है. इस कॉरिडोर के 11.734 किलोमीटर हिस्से पर मेट्रो सेवाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं.
फिलहाल कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से दीपाली चौक और मजलिस पार्क से आरके आश्रम के बीच निर्माण कार्य जारी है. कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से दीपाली चौक के बीच का हिस्सा लगभग तैयार है और अंतिम चरण में काम चल रहा है.
यह भी पढ़ें- यूपी को मिली पहली स्लीपर वंदेभारत की सौगात! वाराणसी से दिल्ली तक रातभर में सफर, जानिए रूट, स्टॉपेज और टाइमिंग
गौरतलब है कि फेज-4 के तीन प्रमुख कॉरिडोर का निर्माण वर्ष 2019-20 में शुरू हुआ था. इनमें से केवल मजलिस पार्क-मौजपुर कॉरिडोर का निर्माण शत-प्रतिशत पूरा हो सका है.


