Entertainment News: बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर संजय गुप्ता का शनिवार सुबह 57 साल की उम्र में निधन हो गया. उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है. अभिनेता फरदीन खान, रोनित रॉय, रोहित रॉय और गुलशन ग्रोवर समेत कई फिल्मी हस्तियां मुंबई स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए पहुंचीं.
फिल्ममेकर राकेश रोशन, निर्देशक मिलाप जावेरी, अभिनेता सुधांशु पांडे और अशोक पंडित भी संजय गुप्ता को श्रद्धांजलि देने पहुंचे. इस दौरान रोनित रॉय और मिलाप जावेरी काफी भावुक नजर आए. दोनों की आंखों में आंसू थे.
घर में गिरने से लगी सिर पर चोट, पुलिस ने बताई हादसे की वजह
मुंबई पुलिस के मुताबिक, संजय गुप्ता की मौत शुक्रवार देर रात हुई. वह वर्सोवा थाना क्षेत्र में स्थित अपने घर में थे. शुरुआती जानकारी के अनुसार, उनका संतुलन बिगड़ा और वह गिर पड़े. इस दौरान उनके सिर में चोट लगी, जिससे खून बहने लगा और उनकी मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक, संजय गुप्ता अपने बंगले में पत्नी, दो बच्चों और घरेलू सहायक के साथ रहते थे. घटना के समय घर के सभी लोग सो रहे थे, इसलिए इसकी जानकारी शनिवार सुबह हुई. परिवार ने किसी तरह का संदेह या शिकायत जाहिर नहीं की है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उनके अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी का इंतजार है.
‘कांटे’ और ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ से मिली खास पहचान
संजय गुप्ता हिंदी सिनेमा में अपनी एक्शन और क्राइम थ्रिलर फिल्मों के लिए पहचाने जाते थे. उन्होंने ‘कांटे’ और ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया था. इन फिल्मों ने उन्हें बॉलीवुड में अलग पहचान दिलाई. उनकी अन्य चर्चित फिल्मों में ‘शूटआउट एट वडाला’, ‘मुंबई सागा’ और ‘काबिल’ शामिल हैं. ‘मुंबई सागा’ में जॉन अब्राहम और इमरान हाशमी नजर आए थे.
यह भी पढ़ें- छठ पर घर जाना होगा आसान? पढ़ें दिल्ली-पटना बुलेट ट्रेन का पूरा प्लान
2024 में रिलीज हुई थी आखिरी निर्देशित फिल्म
संजय गुप्ता की आखिरी निर्देशित फिल्म ‘द मिरांडा ब्रदर्स’ साल 2024 में रिलीज हुई थी. इसमें हर्षवर्धन राणे और मीजान जाफरी ने अभिनय किया था. बतौर निर्माता उनकी फिल्म ‘विस्फोट’ भी चर्चा में रही, जिसमें फरदीन खान और रितेश देशमुख नजर आए थे. क्राइम, एक्शन और ड्रामा पर आधारित फिल्मों के जरिए संजय गुप्ता ने हिंदी सिनेमा में अपनी एक अलग पहचान बनाई. उनके निधन से फिल्म जगत ने एक ऐसे निर्देशक को खो दिया, जिनकी फिल्मों की अपनी विशिष्ट शैली थी.


