PM Kisan Samman Nidhi 24th Installment: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 24वीं किस्त जारी कर दी. इसके तहत देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों के बैंक खातों में 18,680 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे ट्रांसफर की गई. इस मौके पर गुजरात के 52.33 लाख से अधिक किसान परिवारों को भी 1,051 करोड़ रुपये से ज्यादा की आर्थिक सहायता मिली.
प्रधानमंत्री मोदी ने किसान उत्सव दिवस के राष्ट्रीय कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए किसानों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि किसान विकसित भारत के सबसे मजबूत स्तंभों में से एक हैं. किसानों का कल्याण और सशक्तीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. पीएम ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में कृषि क्षेत्र में विज्ञान और तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया गया है.
किसानों को अब तक मिल चुके हैं 4.47 लाख करोड़ रुपये
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन किस्तों में दी जाती है. सरकार अब तक योजना की पहली 23 किस्तों के माध्यम से देश के 11 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को 4.47 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि वितरित कर चुकी है.
गुजरात में भी इस योजना के तहत अब तक 69.26 लाख से अधिक लाभार्थी किसानों को 24,137 करोड़ रुपये से ज्यादा की सहायता मिल चुकी है.
किसानों के लिए 14 हजार करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनासकांठा से 14,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इनमें कृषि, पशुपालन, रेलवे, मेट्रो और ग्रामीण विकास से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं.
पीएम मोदी ने बनास डेयरी की नई सुविधाओं का भी वर्चुअल उद्घाटन किया. इनमें भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (BBBRC), नया आलू विस्तार केंद्र और UHT-ASRS सुविधा शामिल हैं. इसके अलावा थराद और राधनपुर में दो नए कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट की आधारशिला रखी गई.
किसानों को मिल रहा है 50 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का फायदा
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार की किसान हितैषी योजनाओं और फैसलों से पिछले वर्षों में किसानों को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक का आर्थिक लाभ और बचत हुई है. उन्होंने इसके लिए पांच प्रमुख उदाहरण दिए.
- PM-KISAN: छोटे किसानों के बैंक खातों में करीब 4.5 लाख करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए गए.
- खाद सब्सिडी: अंतरराष्ट्रीय बाजार में उर्वरकों की कीमतें बढ़ने के बावजूद किसानों को राहत देने के लिए करीब 16 लाख करोड़ रुपये खर्च किए गए.
- MSP: पिछले 12 वर्षों में गेहूं और धान किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद के तहत 24 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान किया गया.
- फसल बीमा: प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक का मुआवजा मिला.
- PM-कुसुम: करीब 12 लाख सोलर पंप वितरित किए गए, जिससे किसानों को सिंचाई में मदद मिली और डीजल पर खर्च कम हुआ.
3000 नई बीज किस्में किसानों को उपलब्ध कराईं
प्रधानमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण खेती के सामने नई चुनौतियां पैदा हो रही हैं. इससे निपटने के लिए सरकार किसानों को जलवायु अनुकूल बीज उपलब्ध करा रही है. पिछले कुछ वर्षों में करीब 3,000 नई बीज किस्में किसानों तक पहुंचाई गई हैं.
उन्होंने बताया कि देशभर में 26 करोड़ से अधिक सॉइल हेल्थ कार्ड उपलब्ध कराए गए हैं. इससे किसानों को अपनी जमीन की मिट्टी और जरूरत के अनुसार खाद एवं उर्वरकों के इस्तेमाल में मदद मिल रही है.
पशुपालन और डेयरी क्षेत्र से बढ़ेगी किसानों की कमाई
पीएम मोदी ने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है. सरकार देसी नस्लों के संरक्षण और पशुओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर रही है.
बनासकांठा में स्थापित नया रिसर्च सेंटर गिर, साहीवाल और कांकरेज जैसी देसी गायों की नस्लों के साथ मेहसाणा, मुर्रा और जाफराबादी जैसी भैंसों की नस्लों के सुधार में योगदान देगा. यह कांकरेज नस्ल के लिए देश का पहला समर्पित रिसर्च सेंटर होगा.
उन्होंने बताया कि पशुओं को खुरपका-मुंहपका जैसी बीमारियों से बचाने के लिए करीब 150 करोड़ वैक्सीन डोज दी जा चुकी हैं. इससे आठ करोड़ से अधिक पशुपालकों को लाभ मिला है. देश में दूध उत्पादन भी बढ़ा है और भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश बन गया है.
किसानों को 300 रुपये से कम में मिल रही यूरिया की बोरी
प्रधानमंत्री ने वैश्विक परिस्थितियों और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में खाद की कीमतें बढ़ने के बावजूद सरकार ने इसका बोझ भारतीय किसानों पर नहीं पड़ने दिया.
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 3,000 रुपये की यूरिया की बोरी भारतीय किसानों को 300 रुपये से कम में उपलब्ध कराई जा रही है. वहीं, 5,000 रुपये से अधिक कीमत वाली DAP की बोरी किसानों को 1,350 रुपये में मिल रही है.
गुजरात को मिली नई रेलवे और मेट्रो परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री ने गुजरात में दो नई रेल सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाई. इनमें अहमदाबाद-वाराणसी साबरमती एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचाराजी-साबरमती MEMU ट्रेन शामिल हैं. इसके अलावा अहमदाबाद मेट्रो के विस्तार के तहत GIFT सिटी और एयरपोर्ट को जोड़ने वाली परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया. अहमदाबाद-मेहसाणा हाईवे को चार लेन से आठ लेन में अपग्रेड करने की योजना भी शामिल है.
राज्य में 4,000 से अधिक आधुनिक आंगनवाड़ी केंद्रों का उद्घाटन किया गया, जिनसे करीब चार लाख बच्चों और गर्भवती महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- Eetha Trailer: श्रद्धा कपूर बनीं लावणी की दिग्गज कलाकार, ‘छावा’ के बाद लक्ष्मण उतेकर लेकर आए म्यूजिकल ड्रामा
31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस पर होगा बड़ा आयोजन
पीएम मोदी ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का भी जिक्र किया. उन्होंने लोगों से सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित रन फॉर यूनिटी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की.
इस बार एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस का मुख्य समारोह शाम 5:30 बजे आयोजित किया जाएगा. इसमें पुलिस और सुरक्षा बलों की परेड के साथ विभिन्न झांकियां भी देखने को मिलेंगी.
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Helicopter Crash: बदरीनाथ से देहरादून जा रहा हेलिकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत


