Aaj Ka Mausam 7 March: मार्च का महीना शुरू होते ही देशभर में मौसम ने अपने अलग-अलग रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं. कुछ राज्यों में तेज धूप और बढ़ती गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, तो वहीं कई क्षेत्रों में बादल छाने और बारिश की संभावना बन रही है. भारतीय मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज अलग-अलग देखने को मिलेगा. कहीं तापमान तेजी से बढ़ेगा तो कहीं बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम सुहावना भी हो सकता है. आइए जानते हैं कि 7 मार्च को देश के प्रमुख राज्यों में मौसम कैसा रहने की संभावना है.
दिल्ली का मौसम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार 7 मार्च की सुबह हल्की धुंध देखने को मिल सकती है. हालांकि जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ेगा, आसमान साफ होने लगेगा और तेज धूप निआजने की संभावना है. साफ आसमान के कारण दिन के समय गर्मी का असर ज्यादा महसूस हो सकता है.
शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3 से 4 डिग्री अधिक है. मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. इस कारण दोपहर के समय लोगों को गर्मी का एहसास ज्यादा हो सकता है.
उत्तर प्रदेश और बिहार का मौसम
उत्तर प्रदेश में फिलहाल मौसम शांत बना हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक पूरे राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है और फिलहाल किसी भी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है. आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे दिन के समय हल्की गर्मी महसूस हो सकती है.
वहीं बिहार में मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार 9 से 11 मार्च के बीच राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. इससे कुछ स्थानों पर तापमान में थोड़ी गिरावट भी दर्ज की जा सकती है.
राजस्थान और गुजरात में बढ़ेगी गर्मी
राजस्थान में गर्मी धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है. पिछले 24 घंटों के दौरान बाड़मेर में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश के सबसे अधिक तापमानों में से एक रहा. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में लू चलने की स्थिति बन सकती है.
इसी तरह गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में भी गर्मी का असर बढ़ने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक 10 मार्च तक इन क्षेत्रों में तापमान ऊंचा बना रह सकता है, जिससे लोगों को दिन के समय तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.
महाराष्ट्र और कोंकण में उमस भरा मौसम
महाराष्ट्र के कई हिस्सों में मौसम गर्म और उमस भरा रहने की संभावना है. खासकर कोंकण के तटीय इलाकों में लोगों को गर्मी के साथ उमस का अनुभव हो सकता है. समुद्र के करीब होने के कारण यहां नमी अधिक रहती है, जिससे मौसम कुछ अधिक चिपचिपा महसूस हो सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार महाराष्ट्र में अगले एक सप्ताह के दौरान अधिकतम तापमान में लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. इससे आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढ़ने की संभावना जताई गई है.
झारखंड और ओडिशा में बारिश के आसार
जहां देश के कई हिस्सों में गर्मी बढ़ रही है, वहीं झारखंड और ओडिशा में मौसम कुछ राहत दे सकता है. झारखंड में 7 से 10 मार्च के बीच कई जिलों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है.
खासतौर पर देवघर, दुमका और जामताड़ा जैसे जिलों में 9 और 10 मार्च को बारिश के आसार ज्यादा बताए गए हैं. इससे तापमान में थोड़ी कमी महसूस की जा सकती है और मौसम कुछ हद तक सुहावना हो सकता है.
ओडिशा में भी 7 से 9 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.
पश्चिम बंगाल और सिक्किम का मौसम
हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार 8 से 10 मार्च के बीच इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. बारिश और बादलों की वजह से यहां के कुछ हिस्सों में तापमान में गिरावट आ सकती है और मौसम अपेक्षाकृत ठंडा महसूस हो सकता है.
हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बदला हुआ मौसम
पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज कुछ अलग दिखाई दे रहा है. हिमाचल प्रदेश में 7 मार्च को कुछ इलाकों में हीटवेव यानी लू का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि दूसरी ओर 12 मार्च तक हल्की बारिश की संभावना भी बनी हुई है. इस कारण यहां मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.
वहीं जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में 12 मार्च तक रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रह सकता है. इससे पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में लगभग 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है.
सहारनपुर के ऋषभ जैन ने UPSC में हासिल की AIR 163, पहले से IRS अधिकारी, अब IPS बनने की उम्मीद
7 मार्च को देशभर में मौसम का अलग-अलग स्वरूप देखने को मिलेगा. कुछ राज्यों में बढ़ती गर्मी लोगों को परेशान करेगी, जबकि कई इलाकों में बारिश और तेज हवाएं मौसम को सुहावना बना सकती हैं.


