Ayodhya News: अयोध्या स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक भवन सभागार में कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई.
महिलाओं के लिए सेना में अफसर बनने का सुनहरा मौका, ऐसे करें आवेदन; बिना लिखित परीक्षा सीधे SSB
कुलपति ने क्या कहा?
बैठक को संबोधित करते हुए कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह ने कहा, किसी भी संस्था के निर्माण और उसकी प्रगति में कर्मचारियों का योगदान सर्वोपरि होता है. विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली को सुचारू, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना हमारी साझा जिम्मेदारी है. सभी कर्मचारी फाइलों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा में करें और विश्वविद्यालय के शैक्षिक उन्नयन में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं.
10 दिनों के भीतर डिग्री उपलब्ध कराना सुनिश्चित करे
कुलपति ने छात्रहित और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े कई अहम निर्देश जारी किए. उपाधि विभाग किसी भी छात्र को आवेदन के 10 दिनों के भीतर डिग्री उपलब्ध कराना सुनिश्चित करे. सत्रवार उपाधियां कॉलेजों को भेजी जाएं और उनका पूरा रिकॉर्ड रखा जाए. छात्र-छात्राओं के नाम सुधार और अंक पत्रों की त्रुटियों के त्वरित समाधान के लिए एक स्पष्ट नीति तैयार की जाएगी.सामान्य प्रशासन, लीगल सेल, शैक्षणिक और परीक्षा विभाग को सुचारू बनाने के लिए कन्वीनर के साथ दो वरिष्ठ शिक्षकों को भी संबद्ध किया जाए.
अंडरग्राउंड केबल में बदलने के निर्देश
जन सूचना अधिकार के तहत लंबित मामलों का तेजी से निपटारा हो तथा परीक्षा मूल्यांकन भुगतान के सभी प्रकरण शीघ्र हल किए जाएं. विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा के दृष्टिगत उपरिगामी (ओवरहेड) विद्युत तारों को भूमिगत (अंडरग्राउंड) केबल में बदलने के निर्देश दिए गए. बैठक में कुलसचिव ने कर्मचारियों से नियमों के दायरे में रहकर पूरी ईमानदारी और तन्मयता से दायित्व निभाने का आह्वान किया. उन्होंने स्पष्ट किया कि अच्छा प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि नियम विरुद्ध कार्यों पर सख्त कार्रवाई होगी. बैठक में वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ल विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.


