Barabanki-Bahraich Highway Project: उत्तर प्रदेश में सड़क नेटवर्क को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है. बाराबंकी से बहराइच के बीच बनने वाले 102 किमी लंबे फोरलेन हाईवे को मंजूरी मिल गई है. करीब 6969 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह प्रोजेक्ट क्षेत्र के विकास को नई गति देगा. इसके बनने से बहराइच से लखनऊ की दूरी महज डेढ़ घंटे में तय हो सकेगी, जिससे क्षेत्र में तेज और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित होगा.
डेढ़ घंटे में बहराइच से लखनऊ!
वर्तमान सड़क पर तीखे मोड़, खराब ज्योमेट्री और शहरों के भीतर भारी ट्रैफिक के कारण यात्रा समय अधिक और दुर्घटनाओं का खतरा रहता है. नई परियोजना इन सभी समस्याओं को दूर करेगी. बस्तियों को बायपास कर हाईवे को सुगम बनाया जाएगा, जिससे यात्रा समय घटकर लगभग एक घंटे तक आ सकता है और सड़क सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार होगा.
क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मिल
यह हाईवे रामनगर, जरवल, कैसरगंज और फखरपुर जैसे महत्वपूर्ण कस्बों को जोड़ते हुए क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा. साथ ही यह NH-27, NH-330B और NH-730 जैसे प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों से लिंक होकर व्यापक सड़क नेटवर्क तैयार करेगा, जिससे लोगों और माल परिवहन दोनों के लिए आवागमन आसान और तेज हो जाएगा.
भारत-नेपाल सीमा तक व्यापार को मिलेगी नई रफ्तार
परियोजना की खासियत इसका मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी पर फोकस है. यह हाईवे लखनऊ और श्रावस्ती हवाई अड्डों, बाराबंकी व बहराइच के रेलवे स्टेशनों तथा रुपईडीहा लैंड पोर्ट से जुड़ेगा. इससे भारत-नेपाल सीमा तक व्यापार और आवागमन को बढ़ावा मिलेगा, खासकर नेपालगंज के जरिए अंतरराष्ट्रीय व्यापार को नई गति मिलेगी.
इस आधुनिक फोरलेन हाईवे पर 35 छोटे-बड़े पुल और 27 अंडरपास बनाए जाएंगे. साथ ही ऑटोमेटिक ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम और 50 से अधिक हाई-टेक कैमरे लगाए जाएंगे, जो 24×7 निगरानी करेंगे. इससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी.
हादसा या साजिश? कानपुर में रेलवे ट्रैक पर जलता सिलेंडर मिलने से हड़कंप, जांच में जुटीं एजेंसियां
यह परियोजना सिर्फ सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि तराई क्षेत्र के समग्र विकास का आधार बनेगी. इससे कृषि, पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, निवेश के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय रोजगार में वृद्धि होगी. कुल मिलाकर यह हाईवे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करते हुए उत्तर प्रदेश के विकास को नई गति देगा.


