Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान भी है और भावुक भी. यहां एक मां ने 5 दिनों के भीतर 4 बच्चों को जन्म दिया. सबसे बड़ी बात यह रही कि चारों बच्चों की डिलीवरी नॉर्मल हुई. इस अनोखे मामले को डॉक्टर भी मेडिकल चमत्कार मान रहे हैं.
कहां की रहने वाली है अमीना
संभल जिले के ओबरी गांव निवासी मोहम्मद आलिम और उनकी पत्नी अमीना के घर अब एक साथ 4 बच्चों की किलकारियां गूंज रही हैं. अमीना ने 2 बेटों और 2 बेटियों को जन्म दिया है. पूरे परिवार में खुशी का माहौल है. बताया गया कि गर्भावस्था के सातवें महीने में अमीना को 9 मई को प्रसव पीड़ा हुई, जिसके बाद उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया. हालांकि जांच में बाकी तीन बच्चे गर्भ में सुरक्षित पाए गए. ऐसे में डॉक्टरों ने सूझबूझ दिखाते हुए डिलीवरी रोक दी और गर्भावस्था को कुछ दिन और जारी रखने का फैसला लिया.
अमीना ने दिया 2 बेटों-2 बेटियों को जन्म
इसके बाद 14 मई को अमीना को फिर से प्रसव पीड़ा हुई. अस्पताल की डॉक्टरों की विशेष टीम तुरंत सक्रिय हुई और नॉर्मल डिलीवरी के जरिए अमीना ने 2 बेटियों और 1 बेटे को जन्म दिया. इस तरह 5 दिनों के भीतर 4 बच्चों का जन्म हुआ, जिसने सभी को हैरान कर दिया.
डॉक्टरों ने रचा चमत्कार
इस मुश्किल और हाई रिस्क डिलीवरी को सफल बनाने में डॉ. शुभ्रा अग्रवाल, डॉ. पूर्ति, डॉ. रोली, डॉ. मोनिका और उनकी पूरी टीम की अहम भूमिका रही. डॉक्टरों के मुताबिक शुरुआती अल्ट्रासाउंड में ही चार बच्चों की जानकारी मिल गई थी. हाई रिस्क प्रेग्नेंसी को देखते हुए परिवार को फीटल रिडक्शन की सलाह भी दी गई, लेकिन माता-पिता ने सभी बच्चों को सुरक्षित रखने का फैसला किया.
गर्भावस्था के दौरान अमीना को लीवर और ब्लड प्रेशर जैसी गंभीर दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा. कई बार उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा, लेकिन परिवार लगातार हर 15 से 20 दिन में जांच और इलाज के लिए पहुंचता रहा. उधर, चार बच्चों के पिता मोहम्मद आलिम डॉक्टरों और अस्पताल का शुक्रिया अदा करते नहीं थक रहे हैं. उनका कहना है कि डॉक्टरों ने मुश्किल हालात में भी उम्मीद नहीं छोड़ी और उनकी पत्नी ने भी अद्भुत हिम्मत दिखाई. खास बात यह भी रही कि अस्पताल प्रशासन ने इलाज का पूरा खर्च खुद उठाया. इतना ही नहीं, डिलीवरी के बाद परिवार को 4 हजार रुपये का चेक देकर मदद भी की गई.


