मुंबई: बिग बॉस के फैंस का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है. सलमान खान एक बार फिर टीवी के सबसे चर्चित रियलिटी शो Bigg Boss 20 के साथ वापसी कर रहे हैं. कई हफ्तों से चल रही चर्चाओं, कयासों और प्रोमो के बाद शो का ग्रैंड प्रीमियर आज यानी रविवार, 6 सितंबर को होने जा रहा है.
इस बार शो में सिर्फ कंटेस्टेंट ही नहीं, बल्कि गेम का अंदाज भी बदलने वाला है. मेकर्स ने सीजन की थीम ‘वरदान’ रखी है और ‘एक्स्ट्रा जीवन दान’ को लेकर बड़ा ट्विस्ट पेश किया है.
यह भी पढ़ें- ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने दूसरे दिन मचाया धमाल, बॉक्स ऑफिस पर 32.50 करोड़ की कमाई; 2 दिन में 60 करोड़ पार
Bigg Boss 20 कब और कहां देखें?
Bigg Boss 20 का ग्रैंड प्रीमियर 6 सितंबर को रात 9 बजे JioHotstar पर स्ट्रीम होगा. पिछले सीजन की तरह इस बार भी शो को OTT पर पहले रिलीज किया जाएगा. इसके बाद इसका टीवी प्रसारण Colors TV पर रात 10:30 बजे किया जाएगा. यानी अगर आप सलमान खान के साथ बिग बॉस के नए सीजन की शुरुआत सबसे पहले देखना चाहते हैं तो रात 9 बजे JioHotstar पर शो का प्रीमियर देख सकते हैं.
सलमान खान ने दिया ‘जीवन दान’ का हिंट
सलमान खान इस सीजन भी होस्ट की कुर्सी संभाल रहे हैं. शो के प्रोमो में उन्होंने नए ट्विस्ट की झलक देते हुए कहा है कि इस बार बिग बॉस के घर में कंटेस्टेंट्स को ‘एक्स्ट्रा जीवन दान’ मिल सकता है. ‘जीवन दान’ का मतलब किसी कंटेस्टेंट को गेम में एक अतिरिक्त मौका मिलने से जोड़ा जा रहा है. हालांकि यह ट्विस्ट किस तरह काम करेगा और किसे इसका फायदा मिलेगा, इसका खुलासा शो के दौरान ही होगा. सलमान खान ने संकेत दिया है कि इस बार सिर्फ गेम के नियम नहीं बदलेंगे, बल्कि गेम खेलने का तरीका भी बदलने वाला है. उन्होंने यह भी साफ किया कि ‘जीवन दान’ जितना आसान सुनाई दे रहा है, असल में मामला उतना सीधा नहीं है.
Bigg Boss 20 में कौन-कौन आएगा?
मेकर्स ने अभी पूरी कंटेस्टेंट लिस्ट को आधिकारिक तौर पर सामने नहीं रखा है. हालांकि, कई नामों को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हैं. रिपोर्ट्स में ईशा रिक्खी के शो में शामिल होने की चर्चा है. वहीं एक प्रोमो में रिती तिवारी, जो अभिनेता-राजनेता मनोज तिवारी की बेटी हैं, की एंट्री का संकेत दिया गया है. ग्रैंड प्रीमियर के दौरान बाकी कंटेस्टेंट्स के नाम और उनकी एंट्री का खुलासा होने की उम्मीद है.
Alice in Wonderland जैसा दिखेगा Bigg Boss का घर
इस बार बिग बॉस के घर को भी नया लुक दिया गया है. घर की थीम में Alice in Wonderland की फैंटेसी दुनिया से प्रेरणा ली गई है. घर के इंटीरियर में सामान्य चीजों को अलग और रंगीन अंदाज में पेश किया गया है. देखने में घर काफी खूबसूरत और चंचल नजर आता है, लेकिन इसके अंदर कंटेस्टेंट्स के लिए गेम कितना मुश्किल होगा, यह आने वाले एपिसोड में पता चलेगा.
यह भी पढ़ें- दिल्ली के सत्या निकेतन में भरभराकर गिरी 5 मंजिला इमारत, 6 लोग रेस्क्यू; बेसमेंट में चल रहा था मरम्मत का काम
इस बार क्या अलग होगा?
सलमान खान की वापसी, ‘वरदान’ थीम और ‘एक्स्ट्रा जीवन दान’ जैसे ट्विस्ट ने नए सीजन को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है. मेकर्स का दावा है कि इस बार बिग बॉस में सिर्फ परिस्थितियां ही नहीं, बल्कि कंटेस्टेंट्स के गेम खेलने का तरीका भी बदलता नजर आएगा. अब देखना होगा कि ‘जीवन दान’ का यह नया नियम किस कंटेस्टेंट के लिए वरदान साबित होता है और किसके लिए गेम का सबसे बड़ा ट्विस्ट.


