Mirzapur The Movie Box Office Day 2: अली फजल और पंकज त्रिपाठी स्टारर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन जारी है. शुक्रवार को दमदार ओपनिंग के बाद फिल्म ने शनिवार को कमाई में जबरदस्त उछाल दर्ज किया. ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक, फिल्म ने दूसरे दिन यानी शनिवार को भारत में 32.50 करोड़ रुपये नेट का कलेक्शन किया. फिल्म की दो दिनों की कुल कमाई अब 60.35 करोड़ रुपये हो गई है. ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने 4 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी और पहले दिन 27.85 करोड़ रुपये की कमाई की थी. दूसरे दिन फिल्म के कारोबार में पहले दिन के मुकाबले करीब 16.70 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली.
यह भी पढ़ें- दिल्ली के सत्या निकेतन में भरभराकर गिरी 5 मंजिला इमारत, 6 लोग रेस्क्यू; बेसमेंट में चल रहा था मरम्मत का काम
पहले वीकेंड में 95 करोड़ के करीब पहुंच सकती है फिल्म
खास बात यह है कि शुक्रवार को जन्माष्टमी के त्योहार का फायदा मिलने के बावजूद फिल्म ने शनिवार को कमाई में और तेजी दिखाई. शनिवार के कलेक्शन ने फिल्म के ओपनिंग वीकेंड को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है. तरण आदर्श के मुताबिक, अगर फिल्म रविवार को भी इसी रफ्तार से कमाई करती है तो पहले तीन दिनों में इसका कलेक्शन 95 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच सकता है. हिंदी वर्जन ने दो दिनों में 60.35 करोड़ रुपये कमाए हैं, जबकि सीमित रिलीज वाले तेलुगु वर्जन का कलेक्शन 54 लाख रुपये रहा है.
फिर आमने-सामने हैं कलीन भैया और गुड्डू पंडित
मिर्जापुर: द मूवी लोकप्रिय फ्रेंचाइजी की कहानी को आगे बढ़ाती है. फिल्म में कलीन भैया, मुन्ना भैया और गुड्डू पंडित जैसे चर्चित किरदारों की वापसी हुई है. कहानी एक बार फिर मिर्जापुर की गद्दी की लड़ाई के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां नए दावेदार इस जंग को और दिलचस्प बना देते हैं.
यह भी पढ़ें- यूपी में 24 जिले बाढ़ की चपेट में, कई नदियां खतरे के निशान के ऊपर; अगले चार दिन भारी बारिश का अलर्ट
फिल्म को गुरमीत सिंह ने निर्देशित किया है और इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है. फिल्म को एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है. इसके को-प्रोड्यूसर कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी हैं. ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है. शनिवार की छलांग के बाद अब रविवार के कलेक्शन पर सभी की नजरें टिकी हैं.


