Bihar Infrastructure Projects: बिहार के सारण को उत्तर बिहार का प्रवेशद्वार बनाने की दिशा में सड़क और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी से जुड़ी योजनाओं पर पहल तेज हो गई है. क्षेत्र में आवागमन को बेहतर बनाने, निवेश को बढ़ावा देने और शहरी विकास को व्यवस्थित करने के लिए 17 प्रमुख योजनाओं का प्रस्ताव रखा गया है. इनमें नॉर्थ रिंग रोड, जेपी सेतु से कनेक्टिविटी, एयरपोर्ट के लिए संपर्क मार्ग और प्रस्तावित एयरो सिटी जैसी योजनाएं शामिल हैं.
सारण के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित ट्रांसपोर्ट भवन में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की. करीब ढाई घंटे चली इस बैठक में क्षेत्र की सड़क परियोजनाओं, एयरपोर्ट तक पहुंच और भविष्य के शहरी विकास की योजनाओं पर चर्चा हुई.
यह भी पढ़ें- दिल्ली की 1200 हाउसिंग सोसायटियों की बदलेगी सूरत! FAR 160 से बढ़कर 300 होगा, 70% सहमति जरूरी
जेपी सेतु से नॉर्थ रिंग रोड तक कनेक्टिविटी पर जोर
बैठक में क्षेत्र के प्रमुख मार्गों को बेहतर तरीके से जोड़ने के लिए कई प्रस्ताव रखे गए. इनमें दीघा रोटरी, जेपी सेतु, बाकरपुर क्लोवरलीफ, एनएच-139डब्ल्यू पर अंडरपास और सर्विस रोड तथा एयरपोर्ट तक संपर्क मार्ग विकसित करने की योजनाएं शामिल हैं. इसके अलावा रूडी जंक्शन और पटना नॉर्थ रिंग रोड को लेकर भी चर्चा हुई. शेरपुर-दिघवारा पुल और गंगा पथ के माध्यम से उत्तर बिहार के विभिन्न इलाकों को जोड़ने की संभावनाओं पर विचार किया गया. इन योजनाओं का उद्देश्य सड़क नेटवर्क को मजबूत करना और प्रमुख शहरों तथा परिवहन केंद्रों के बीच आवागमन को आसान बनाना है.
240 मीटर चौड़े कॉरिडोर का प्रस्ताव
प्रस्तुतीकरण में प्रस्तावित नॉर्थ रिंग रोड के लिए 240 मीटर चौड़े कॉरिडोर की रूपरेखा रखी गई. इसके तहत दोनों ओर 45-45 मीटर चौड़ी सड़क और 25-25 मीटर की ग्रीन बेल्ट प्रस्तावित है. इस तरह के कॉरिडोर से भविष्य में बढ़ते यातायात को संभालने और आसपास के क्षेत्रों में नियोजित विकास की संभावनाएं तैयार करने का लक्ष्य है. हालांकि, परियोजना की अंतिम संरचना और निर्माण से जुड़ी समयसीमा संबंधित विभागों के निर्णयों पर निर्भर करेगी.
एयरो सिटी और वाणिज्यिक क्षेत्र विकसित करने की योजना
बैठक में सड़क परियोजनाओं के साथ आर्थिक और शहरी विकास से जुड़े प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए गए. इनमें पांच किलोमीटर लंबे गौरव पथ के समीप 568.91 एकड़ के वाणिज्यिक क्षेत्र और 5,508.72 एकड़ के प्रस्तावित एयरो सिटी बफर क्षेत्र का उल्लेख किया गया.
इन योजनाओं के जरिए क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों, निवेश और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की संभावनाएं तलाशने पर जोर दिया गया है. बेहतर सड़क संपर्क से व्यापारिक क्षेत्रों और परिवहन केंद्रों तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है.
बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस उच्चस्तरीय बैठक में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद संजय झा, बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल समेत अन्य अधिकारी शामिल हुए. नागरिक उड्डयन विभाग के सचिव नीलेश रामचंद्र देवरे और बिहार राज्य सड़क विकास निगम लिमिटेड (BSRDCL) के प्रबंध निदेशक सौरभ जोरवाल ऑनलाइन बैठक से जुड़े.


