BRICS Summit 2026: भारत में आयोजित 18वें BRICS समिट के दौरान रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को BRICS Business Forum को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने पश्चिमी देशों और G7 पर जमकर निशाना साधा. पुतिन ने दावा किया कि BRICS वैश्विक GDP में करीब 40 फीसदी योगदान देता है, जबकि G7 की हिस्सेदारी करीब 28-29 फीसदी है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि G7 देश खुद को G7 क्यों कहते हैं.
यह भी पढ़ें- वाराणसी में बनेगी पहली गेटेड सिटी, VDA ने आनंद काशी योजना के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर
‘BRICS ने G7 को पीछे छोड़ दिया’
भारत मंडपम में बिजनेस फोरम को संबोधित करते हुए पुतिन ने कहा कि BRICS देशों के बीच व्यापार और आर्थिक सहयोग बढ़ाना जरूरी है. उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक चुनौतियों का सामना BRICS के जरिए मिलकर किया जा सकता है. पुतिन ने कहा कि आज BRICS देश वैश्विक अर्थव्यवस्था में G7 से आगे निकल चुके हैं. उन्होंने G7 की मौजूदा भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब BRICS देशों की वैश्विक GDP में हिस्सेदारी करीब 40 फीसदी है और G7 की हिस्सेदारी 28-29 फीसदी के आसपास है, तो ‘पता नहीं वे खुद को G7 क्यों कहते हैं.’ पुतिन के इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां भी बजाईं.
पश्चिमी देशों पर दबदबा कायम करने का आरोप
रूसी राष्ट्रपति ने पश्चिमी देशों पर अपना वैश्विक प्रभाव दोबारा कायम करने के लिए गलत तरीकों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि इनमें जलमार्गों को बाधित करना और समुद्री जहाजों को जब्त करना जैसे कदम शामिल हैं. पुतिन ने ईरान का उदाहरण देते हुए कहा कि लगातार लगाए गए प्रतिबंधों का उसके व्यापार, शिपिंग और वैश्विक वित्तीय नेटवर्क तक पहुंच पर नकारात्मक असर पड़ा है. उन्होंने पश्चिमी देशों की ऐसी नीतियों की आलोचना की.
‘व्यापारिक रिश्ते मजबूत करना BRICS का लक्ष्य’
पुतिन ने कहा कि BRICS देशों के बीच व्यापार को बढ़ावा देना संगठन के प्रमुख लक्ष्यों में शामिल है. उनके मुताबिक देशों के बीच भरोसेमंद Business-to-Business संबंध और आर्थिक साझेदारी अंतरराष्ट्रीय आर्थिक संबंधों की रीढ़ हैं. उन्होंने कहा कि मजबूत व्यापारिक रिश्ते न सिर्फ आर्थिक संबंधों को टिकाऊ बनाते हैं, बल्कि देशों को वैश्विक स्तर पर सामने आने वाली चुनौतियों से निपटने में भी मदद करते हैं.
यह भी पढ़ें- Rampur Circle Rate: रामपुर में मकान-दुकान और प्लॉट खरीदना होगा महंगा, 20% तक बढ़ सकते हैं सर्किल रेट
रूस को कभी G8 का हिस्सा बनाया गया था
गौरतलब है कि G7 दुनिया की प्रमुख विकसित अर्थव्यवस्थाओं का समूह है. एक समय इसे G8 के नाम से जाना जाता था और रूस भी इसका सदस्य था. हालांकि 2014 में क्रीमिया के विलय के बाद रूस को समूह से बाहर कर दिया गया और इसके बाद यह फिर G7 बन गया. पुतिन का यह बयान ऐसे समय आया है जब भारत 2026 में BRICS की अध्यक्षता कर रहा है और नई दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.


